विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना की टीम ने ऑनलाइन ट्रोलिंग के खिलाफ दर्ज कराई साइबर शिकायत
क्या है खबर?
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने अपने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। इसी बीच खबर आ रही है कि उनके मैनेजर ने इंटरनेट पर चल रही ट्रोलिंग के खिलाफ हैदराबाद में साइबर क्राइम अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में 'कॉफी विद करण' के दूसरे एपिसोड में शामिल होने के बाद जोड़े को निशाना बनाने वाले कथित तौर पर झूठे और गुमराह करने वाले ऑनलाइन कंटेंट की जांच की मांग की जा रही है।
शिकायत
शिकायत में क्या आरोप लगाए गए?
जोड़े की टीम द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, शिकायत पी निशांत कुमार ने दर्ज कराई है, जिन्हें दस्तावेज में दोनों का मैनेजर बताया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों से जुड़ी मनगढ़ंत सामग्री, छेड़छाड़ किए गए स्क्रीनशॉट और उन्हें निशाना बनाकर परेशान करने जैसी चीजें फैल रही हैं।
उनकी टीम ने जांच के लिए अधिकारियों को सबूत और उनसे जुड़े लिंक सौंप दिए हैं।
उद्देश्य
क्यों दर्ज कराई गई शिकायत?
प्रेस नोट के मुताबिक, शिकायत का उद्देश्य वास्तविक राय या आलोचना को सीमित करना नहीं है। ये जवाबदेही की मांग है, खासकर उन मामलों में, जहां स्पष्ट रूप से गलत जानकारी दी गई हो या गैर-कानूनी आचरण हुआ हो।
टीम ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बिना पुष्टि किए गए दावों को न फैलाएं। अधिकारियों से सौंपी गई सामग्री की जांच करने और कथित झूठे बयानों व ऑनलाइन उत्पीड़न की पड़ताल करने की मांग की गई है।