विजय देवरकोंडा और कीर्ति सुरेश पहली बार आए साथ, साउथ सिनेमा की नई ब्लॉकबस्टर जोड़ी तैयार
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा के 'राउडी स्टार' विजय देवरकोंडा और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कीर्ति सुरेश के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। ये दोनों सितारे पहली बार फिल्म में रोमांस करते दिखेंगे। ये पहला मौका होगा, जब दोनों पर्दे पर साथ दिखेंगे। फिलहाल फिल्म के नाम और कहानी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन इस फ्रेश जोड़ी ने दर्शकों के उत्साह को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
शूटिंग
कब शुरू होगी फिल्म की शूटिंग?
निर्देशक रवि किरण कोला एक एक्शन ड्रामा लेकर आ रहे हैं, जिसमें विजय और कीर्ति दोनों मुख्य भूमिका निभाएंगे। दिलचस्प बात ये है कि इससे पहले दोनों 2018 में आई फिल्म 'महानती' का हिस्सा थे, लेकिन तब उन्होंने कोई भी सीन साथ में शूट नहीं किया था। अब 8 साल बाद दोनों साथ आ रहे हैं, वो भी रोमांटिक जोड़ी के रूप में। ग्रामीण परिवेश पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग इसी साल अक्टूबर से शुरू होने जा रही है।
रिलीज
कई भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
ये फिल्म न केवल तेलुगू, बल्कि तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी भाषाओं में भी एक साथ रिलीज की जाएगी। विजय और कीर्ति के फैंस लंबे समय से सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को पर्दे पर साथ देखने की मांग कर रहे थे। दरअसल, 'महानती' की कहानी के कारण फैंस को उन्हें एक ही फ्रेम में देखने का मौका नहीं मिला था। अब दोनों एक मुख्य जोड़ी के तौर पर स्क्रीन शेयर करेंगे, जिसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है।