Page Loader
'लाइगर' की असफलता के बाद ठंडे बस्ते में गई विजय और पुरी की 'जन गण मन'
बंद हुई विजय देवरकोंडा की अगली फिल्म (फोटो: इंस्टाग्राम/@thedeverakonda)

'लाइगर' की असफलता के बाद ठंडे बस्ते में गई विजय और पुरी की 'जन गण मन'

Sep 05, 2022
10:00 pm

क्या है खबर?

'लाइगर' के बाद अभिनेता विजय देवरकोंडा की फिल्म 'जन गण मन' की भी लंबे समय से चर्चा थी। इस फिल्म का निर्देशन भी 'लाइगर' के निर्देशक पुरी जगन्नाध कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार 'लाइगर' की असफलता के बाद इस फिल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। 'लाइगर' की तरह ही यह भी पैन इंडिया फिल्म थी। इसकी रिलीज की घोषणा भी कर दी गई थी। यह फिल्म अगले साल अगस्त में रिलीज होने वाली थी।

फिल्म

दोनों के लिए खास था यह प्रोजेक्ट

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार 'लाइगर' के बॉक्स ऑफिस पर धराशाई हो जाने के बाद 'जन गण मन' पुरी जगन्नाध ने अपने इस प्रोजेक्ट को बंद कर दिया है। यह फिल्म विजय और पुरी दोनों के लिए ही खास थी। फिल्म अगले साल 23 अगस्त को रिलीज होने वाली थी। फिल्म की रिलीज डेट जारी करते वक्त विजय ने कहा था कि वह पुरी के इस ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

बयान

अपने किरदार को लेकर उत्साहित थे विजय

फिल्म की रिलीज डेट जारी करते हुए विजय ने कहा था, "मैं 'जन गण मन' को लेकर बेहद उत्साहित हूं। यह सबसे आकर्षक और चुनौतीपूर्ण स्क्रिप्ट में से एक है। कहानी खास है और यह हर भारतीय को छू जाएगी। मैं पुरी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। फिल्म में मेरा कैरेक्टर बिल्कुल फ्रेश है। इस प्रकार का रोल मैंने पहले नहीं किया है और मुझे यकीन है कि यह दर्शकों को पसंद आएगा।"

नुकसान

निर्माता और डिस्ट्रीब्यूटर्स को हुआ भारी नुकसान

विजय ने 'लाइगर' का जमकर प्रचार-प्रसार किया था। मेकर्स को उम्मीद थी कि इसे पैन इंडिया लेवल पर पसंद किया जाएगा। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म बुरी तरह असफल रही। बॉक्स ऑफिस इंडिया की खबर के अनुसार फिल्म भारत में केवल 90 लाख रुपये कमा सकी। फिल्म का बजट 90 करोड़ रुपये का था। इससे निर्माताओं और डिस्ट्रीब्यूटर्स को काफी नुकसान हुआ है। फिल्म के फ्लॉप होने के कारण विजय निर्माताओं को अपनी फीस से छह करोड़ रुपये वापस करेंगे।

लाइगर

करण जौहर और पुरी जगन्नाध ने प्रोड्यूस की थी फिल्म

'लाइगर' में विजय के साथ अनन्या पांडे मुख्य भूमिका में नजर आई हैं। वहीं 'बाहुबली' अभिनेत्री राम्या कृष्णन लाइगर की मां के किरदार में हैं। रिलीज के पहले सोशल मीडिया पर फिल्म के बहिष्कार की भी मांग हुई थी। यह फिल्म 25 अगस्त को दक्षिण भारतीय भाषाओं में और 26 अगस्त को हिंदी में रिलीज हुई थी। फिल्म को पुरी जगन्नाध के साथ मिलकर करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन ने प्रोड्यूस किया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

'लाइगर' के लिए विजय देवरकोंडा ने करीब 25 करोड़ रुपये की फीस ली थी। वहीं पुरी ने करीब इतनी ही रकम में माइक टायसन को फिल्म में साइन किया था।