
'छावा' वाले विनीत कुमार सिंह शादी के 4 साल बाद बने पिता, खुद दी खुशखबरी
क्या है खबर?
'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से लेकर 'छावा' और 'जाट' जैसी कई फिल्मों में अपने अभिनय से लोहा मनवा चुके अभिनेता विनीत कुमार सिंह पापा बन गए हैं। उन्होंने खुद यह खुशखबरी सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों को दी है। उनकी पत्नी रुचिरा ने 24 जुलाई को बेटे को जन्म दिया, जिसकी जानकारी अभिनेता ने अब दी है। उनके इस पोस्ट पर विक्रांत मैसी समेत कई कलाकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
पोस्ट
भगवान की कृपा हम पर उमड़ पड़ी है- विनीत
विनीत ने इंस्टाग्राम पर किए अपने पोस्ट में लिखा, 'ईश्वर की कृपा हम पर उमड़ पड़ी है। दुनिया से आगे बढ़कर हमारी जिंदगी में एक छोटा सिंह दस्तक दे चुका है। दुनिया में आने के बाद वो अभी से हमारे दिल और दूध की बोतलों को चुराने लगा है। इस अनमोल नन्ही सी खुशी के लिए भगवान का शुक्रिया।' विनीत का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हाे रहा है।
ट्विटर पोस्ट
विनीत कुमार सिंह बने पापा
'छावा' वाले विनीत कुमार सिंह बने पिता pic.twitter.com/DORsE4sE8J
— Nehasharmanewsbytes (@nehuvk) July 27, 2025
बधाई
इन कलाकारों ने दी मुबारकबाद
विनीत कुमार के पिता बनने पर फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों ने उन्हें बधाई देनी शुरू कर दी। विक्रांत ने विनीत के पोस्ट पर लिखा, 'बहुत बहुत बधाई भाई साहब।' आहना कुमरा ने लिखा, 'क्या गजब गुड न्यूज दी है। मैं छुटकू से मिलने को बेकरार हूं।' अभिनेता अमित साध ने जहां इसे बेस्ट न्यूज बताया, वहीं 'छावा' में विनीत के को-स्टार रहे विक्की कौशल ने भी उनके इस पोस्ट को लाइक किया है।
dqwd
मई में विनीत ने दी थी पत्नी की प्रेग्नेंसी की खबर
इस साल मई में विनीत ने हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी पत्नी रुचिरा प्रेग्नेंट हैं और जल्द ही मां बनने वाली हैं। विनीत ने ये भी कहा था कि वह इस वक्त रुचिरा को अकेला नहीं छोड़ रहे हैं और उनका पूरा ख्याल रख रहे हैं। रुचिरा से विनीत ने 2021 में शादी की थी और अब शादी के 4 साल बाद माता-पिता बनकर दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
करियर
डॉक्टर से एक्टर बने और छा गए विनीत कुमार
विनीत ने आयुर्वेद में डॉक्टर ऑफ मेडिसिन की डिग्री ली है, लेकिन अभिनय के प्रति प्रेम के चलते वह सबकुछ छोड़-छाड़ अभिनेता बन गए। 'छावा' में उन्होंने कवि कलश का किरदार निभाया, जिनकी बोली हुई कविता रोंगटे खड़े कर देती है। बतौर लीड उनकी पहली फिल्म 'मुक्काबाज' थी। दुनियाभर के फिल्म महोत्सवों में वाहवाही लूट चुकी 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' में भी अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों को अपना मुरीद बनाया। 'जाट' में उनकी खलनायकी भी लोगों को खूब पसंद आई।