पांच अभिनेत्रियों के बावजूद 'मिशन मंगल' को अक्षय की फिल्म कहना दुर्भाग्यपूर्ण- विद्या बालन
विद्या बालन हिंदी सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में से हैं जो इंडस्ट्री में महिलाओं की स्थिति पर मुखर होकर बात करती हैं। विद्या ने एक कार्यक्रम में इस मुद्दे पर फिर अपनी राय रखी है। विद्या एक कार्यक्रम 'ओ वुमनिया! 2022' में बात कर रही थीं। यहां उन्होंने अपनी फिल्म 'मिशन मंगल' का जिक्र करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है पांच अभिनेत्रियों के होने के बाद भी इस फिल्म को अक्षय कुमार की फिल्म कहा जाता है।
आलिया भट्ट की 'गंगूबाई काठियावाड़ी' का दिया उदाहरण
विद्या ने फिल्म कंपैनियन के इस कार्यक्रम में फीमेल लीड वाली फिल्मों पर अपनी बात कही। विद्या ने कहा कि आजकल महामारी का अच्छा बहाना मिल गया है यह कहने के लिए कि महिला प्रधान फिल्में थिएटर में नहीं चलेंगी, क्योंकि मेल-लीड वाली कई फिल्में फ्लॉप हो चुकी हैं। विद्या ने 'गंगूबाई काठियावाली' का उदाहरण देते हुए कहा कि बिना किसी मेल स्टार यह फिल्म आलिया भट्ट के कंधों पर थी। फिल्म ने अन्य फिल्मों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।
'मिशन मंगल' को अक्षय कुमार की फिल्म कहना दुर्भाग्यपूर्ण- विद्या
विद्या ने कहा, "मिशन मंगल जैसी फिल्म जिसने अच्छा बिजनस किया, उसे अंत में अक्षय कुमार की फिल्म कहा जाता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इस फिल्म में पांच महिलाएं मुख्य भूमिका में थीं, लेकिन यह उनकी फिल्म नहीं कहलाती है।" बता दें कि 2019 में आई फिल्म 'मिशन मंगल' में अक्षय के अलावा विद्या बालन, सोनाक्षी सिन्हा, तापसी पन्नू, नित्या मेनन और कृति कुल्हाड़ी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म भारत के पहले मार्स मिशन पर आधारित थी।
OTT से मजबूत हुई महिला कलाकारों की स्थिति
हाल ही में ऑरमैक्स मीडिया की एक रिपोर्ट में सामने आया था कि फिल्म जगत में उच्च पदों पर सिर्फ दस प्रतिशत महिलाएं हैं। इस रिपोर्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विद्या ने कहा था "रिपोर्ट के नतीजे बताते हैं कि अभी भी लंबा सफर तय करना है और इसके लिए जरूरी है कि बोर्डरूम में ज्यादा से ज्यादा महिलाएं हों। वे निर्णय लेने में शामिल हों।" विद्या के अनुसार OTT की वजह से स्थिति में सुधार हो रहा है।
कई महिला प्रधान फिल्में कर चुकी हैं विद्या
विद्या बालन कई महिला प्रधान फिल्में कर चुकी हैं। इन फिल्मों को उन्होंने अपने अभिनय के दम पर अपने कंधों पर उठाया था। विद्या पिछली बार शेफाली शाह के साथ फिल्म 'जलसा' में नजर आई थीं। इसके पहले उनकी फिल्म 'शेरनी' रिलीज हुई थी। ये दोनों फिल्में अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई थीं। उन्होंने, 'द डर्टी पिक्चर', 'इश्किया', 'तुम्हारी सुलू', 'शकुंतला देवी' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का जौहर दिखाया। वह प्रतीक गांधी के साथ फिल्म 'लवर्स' में नजर आएंगी।
न्यूजबाइट्स प्लस
विद्या ने 2000 के दशक के मशहूर कॉमेडी टीवी शो 'हम पांच' से घर-घर में पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने 2006 की फिल्म 'परिणीता' से बॉलीवुड में डेब्यु किया था। इस फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान थे।