'नीयत' से पहले कैसी रहीं विद्या बालन की पिछली फिल्में? OTT पर ले सकते हैं लुत्फ
क्या है खबर?
शुक्रवार को विद्या बालन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'नीयत' बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है। फिल्म में विद्या मुख्य किरदार में हैं।
सिनेमाघरों के बाद यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी। हालांकि, फिलहाल सबकी नजर बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन पर है और OTT पर इसके आने की तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
ऐसे में आप घर बैठे विद्या की पिछली फिल्मों का तुत्फ ले सकते हैं। आपको बताते हैं कैसी थीं विद्या की पिछली 5 फिल्में।
#1
जलसा
2022 की फिल्म 'जलसा' में विद्या के साथ शेफाली शाह मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
फिल्म में विद्या ने माया मेनन का किरदार निभाया था, जो एक प्रतिष्ठित टीवी पत्रकार है। एक दिन गलती से उससे एक हत्या हो जाती है।
फिल्म में शेफाली ने माया की घरेलू सहायिका का किरदार निभाया था। दोनों के उम्दा अभिनय की वजह से यह फिल्म बेहतरीन मनोरंजन देती है।
'जलसा' अमेजन प्राइम वीडियो पर आई थी।
#2
शेरनी
'जलसा' से पहले 2021 में अमेजन प्राइम वीडियो पर विद्या की 'शेरनी' आई थी। इस फिल्म में भी विद्या ने केंद्रीय किरदार निभाया था।
फिल्म में विद्या ने एक फॉरेस्ट अफसर की भूमिका निभाई थी, जो जंगल में विपरीत परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी करती है। साथ ही वह विभाग की राजनीति का भी सामना करती है। फिल्म कामकाज में लिंगभेद पर चोट करती है।
अपने बेहतरीन अभिनय से विद्या ने इस फिल्म को अपने कंधों पर लिया था।
#3
शकुंतला देवी
यह ह्यूमन कंप्यूटर कही जाने वालीं गणितज्ञ 'शकुंतला देवी' की बायोपिक है। यह फिल्म कोरोना महामारी से लगे लॉकडाउन के बीच अमेजन प्राइम वीडियो पर आई थी।
फिल्म में विद्या ने एक होनहार, मजबूत और स्वतंत्र महिला की छवि को पर्दे पर उतारा था।
साथ ही यह फिल्म मां-बेटी के रिश्ते में उलझन को भी दिखाती है। फिल्म में शकुंतला की बेटी का किरदार सान्या मल्होत्रा ने निभाया था।
यह भारत की गुमनाम महिला गणितज्ञ की प्रेरक कहानी है।
#4
मिशन मंगल
2019 में आई फिल्म 'मिशन मंगल' भारत के मंगलयान मिशन पर आधारित थी। इस फिल्म में मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार थे और उनके साथ फिल्म में 5 अभिनेत्रियां नजर आई थीं।
फिल्म में विद्या के साथ तापसी पन्नू, सोनाक्षी सिन्हा, कीर्ति कुल्हारी और नित्या मेनन ने काम किया था। इन अभिनेत्रियों ने इसरो की होनहार वैज्ञानिकों की कर्मठता को पर्दे पर उतारा था।
यह फिल्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर देखी जा सकती है।
#5
तुम्हारी सुलु
तुम्हारी सुलु 2017 में आई थी। फिल्म में वह मानव कौल के साथ दिखाई दी थीं।
'तुम्हारी सुलु' में विद्या ने एक मध्यमवर्गीय परिवार में रहने वाली गृहिणी सुलोचना यानी सुलु का किरदार निभाया था। एक दिन उसे RJ बनने का मौका मिलता है, लेकिन उसे एक एडल्ट शो होस्ट करना होता है। ऐसे में अचानक से परिवार और समाज की उंगलियां उसपर उठने लगती हैं।
विद्या के दमदार अभिनय वाली यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।