
शाहरुख खान के नक्शे-कदम पर बेटे अबराम, वायरल वीडियो में आराध्या बच्चन ने भी जीता दिल
क्या है खबर?
किसी भी समारोह में बॉलीवुड सितारों की उपस्थिति खास होती है। ये कहीं भी जाएं, ये पापराजी से घिर जाते हैं और उनकी खास खातिरदारी की जाती है।
हालांकि, बात जब बच्चों के स्कूल की हो तो वहां ये कोई सेलिब्रिटी नहीं, बल्कि आम अभिभावक होते हैं, जो बस अपने बच्चों पर प्यार लुटा रहे होते हैं।
मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक समारोह में ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला।
समारोह
चर्चा में स्कूल का वार्षिकोत्सव
मुंबई का धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल देश के सबसे महंगे स्कूलों में शुमार है। देश के मशहूर उद्योगपति, बॉलीवुड सितारों समेत कई मशहूर हस्तियों के बच्चे इसी स्कूल में पढ़ते हैं।
यही वजह है कि स्कूल के समारोह में सितारों का मेला लग जाता है।
15 दिसंबर की शाम स्कूल का वार्षिकोत्सव था, जिसमें शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय, अभिषेक बच्चन, करीना कपूर, करण जौहर समेत कई सितारे पहुंचे और बच्चों के साथ मस्ती की।
अबराम
शाहरुख के कदमों पर चले बेटे अबराम
इस समारोह में शाहरुख के बेटे अबराम ने भी मंच पर प्रस्तुति दी। इस दौरान उन्होंने शाहरुख के लोकप्रिय पोज की तरह अपनी बाहें फैलाईं।
अबराम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग उनकी तुलना शाहरुख से कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "अबराम बिल्कुल अपने पिता जैसे हैं।"
प्रस्तुति के दौरान शाहरुख, गौरी खान और सुहाना खान भी मौजूद रहे। उनकी प्रतिक्रिया भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
आराध्या
चर्चा में आराध्या का हेयरस्टाइल
अपनी प्रस्तुति के लिए ऐश्वर्या राय की बेटी आराध्या भी चर्चा में हैं। इस समारोह में ऐश्वर्या-अभिषेक के साथ अमिताभ बच्चन भी पहुंचे थे।
आराध्या का गेटअप चर्चा में है। लोग उनकी जमकर तारीफें कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, 'आखिरकार, आराध्या का माथा दिखा।' एक ने लिखा, 'ये हुई ना बात।'
लंबे समय से लोग आराध्या को उनकी हेयरस्टाइल के लिए ट्रोल कर रहे थे।
आराध्या की प्रस्तुति के दौरान ऐश्वर्या गर्व से उनका वीडियो रिकॉर्ड करती रहीं।
तैमूर
तैमूर की प्रस्तुति से उत्साहित हुईं करीना
करीना भी अपने बेटे तैमूर की प्रस्तुति के दौरान काफी उत्साहित नजर आईं और प्यार से उनका वीडियो बनाती रहीं। तैमूर की प्रस्तुति का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।
समारोह में करण के बच्चों यश और रूही ने भी प्रस्तुति दी।
समारोह के बाद सभी सितारे भी मस्ती में एक-दूसरे के साथ मस्ती करते दिखे। शाहरुख, ऐश्वर्या, और अमिताभ का समारोह के बाद डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।