विक्की कौशल की 'सैम बहादुर' की एडवांस बुकिंग शुरू, इस दिन दर्शकों के बीच आएगी फिल्म
मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी फिल्म 'सैम बहादुर' 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए एकदम तैयार हैं। इसमें विक्की कौशल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जो भारत के महानतम युद्ध नायकों में से एक सैम मानेकशॉ का जीवन पर्दे पर उतारने वाले हैं। इसमें सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख भी मुख्य भूमिका में हैं। अब 'सैम बहादुर' की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस खबर की जानकारी खुद निर्माताओं ने दी है।
'एनिमल' से होगा 'सैम बहादुर' का मुकाबला
RSVP मूवीज ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'यह एक सच्चे नायक की बेजोड़ वीरता को देखने का समय है, जो राष्ट्र और उसके लोगों के लिए जीवन भर सेवा के लिए समर्पित है।' टिकट खिड़की पर 'सैम बहादुर' का सामना रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की 'एनिमल' से होगा। इसके अलावा सलमान खान की 'टाइगर 3' और विक्रांत मैसी की '12वीं फेल' भी इन दिनों सिनेमाघरों में लगी हुई है।