विक्की जैन बोले- अंकिता जैसी पत्नी मिलीं तो जिंदगी सेट हो गई, लगा सबसे बड़ा जैकपॉट
क्या है खबर?
अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन टीवी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में से एक हैं। हाल ही में उन्होंने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने अपने रिश्ते और शादीशुदा जिंदगी पर खुलकर बात की। इस दौरान विक्की ने बताया कि कभी उनकी जिंदगी सिर्फ काम और परिवार के इर्द-गिर्द ही सिमटी हुई थी। हालांकि, अंकिता से मिलने के बाद उन्हें जिंदगी को देखने का एक बिल्कुल नया नजरिया मिला।
तारीफ
पत्नी की तारीफ में विक्की जैन ने कही दिल छू लेने वाली बात
अपनी पत्नी के बारे में बात करते हुए विक्की ने कहा, "जब मैं अंकिता से मिला तो ये मेरी जिंदगी के लिए किसी जैकपॉट से कम नहीं था। वो एक पारिवारिक लड़की हैं और अकेले ही एक बड़े परिवार को भी संभालने की क्षमता रखती हैं। उन्हें बस आपका साथ चाहिए होता है, बाकी वो सब कुछ खुद करने में सक्षम हैं। जब मैं उनसे मिला तो मुझे अपनी जिंदगी का दूसरा अध्याय जीने का मौका मिला।"
श्रेय
"मुंबई जैसे शहर में अंकिता जैसा इंसान मिल गया, लाइफ सेट हो गई"
अंकिता को अपनी सोच बदलने का श्रेय देते हुए विक्की ने साझा किया, "मैं एक साधारण बिजनेसमैन था। मेरी जिंदगी सिर्फ काम और परिवार के इर्द-गिर्द ही घूमती थी। अंकिता ने मुझे मेरी जिंदगी के तीसरे पहलू को समझने में मदद की। उन्होंने मुझे एक नया नजरिया दिया और उन चीजों का अनुभव कराया, जिन्हें मैंने पहले कभी नहीं जाना था। मुंबई जैसे शहर में अंकिता जैसा इंसान मिल गया, लाइफ सेट हो गई।"
सफर
दोस्ती से शुरू हुई थी अंकिता और विक्की की प्रेम कहानी
अंकिता और विक्की की प्रेम कहानी की शुरुआत एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी।
दोनों अच्छे दोस्त बने और जल्द ही ये दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई। साल 2019 में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था।
कुछ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 14 दिसंबर, 2021 को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में शाही अंदाज में सात फेरे लिए। तब से यह जोड़ी अपनी केमिस्ट्री से फैंस का दिल जीत रही है।
वर्कफ्रंट
इन रियलिटी शोज में साथ दिख चुके हैं अंकिता और विक्की
बता दें कि अंकिता और विक्की कई रियलिटी शोज में एक साथ नजर आ चुके हैं। साल 2022 में दोनों ने पहली बार शो 'स्मार्ट जोड़ी' में हिस्सा लिया और इसके विजेता बने।
इसके बाद ये जोड़ी 'बिग बॉस 17' में दिखाई दी, जहां उनके बीच कई बार अनबन देखने को मिली। दोनों के रिश्ते के बीच उतरा-चढ़ाव खूब चर्चा में रहे। अंकिता और विक्की की जोड़ी कुकिंग-कॉमेडी शो 'लाफ्टर शेफ्स' में भी नजर आ चुकी है।