मशहूर लेखक और फिल्म निर्माता वेद राही का निधन, 93 की उम्र में ली आखिरी सांस
क्या है खबर?
डोगरी और हिंदी के प्रसिद्ध लेखक, उपन्यासकार, नाटककार और फिल्म निर्माता वेद राही का 1 नवंबर, 2026 को निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। उन्होंने महाराष्ट्र के ठाणे जिले स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वेद अपने पीछे 2 बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके निधन पर डोगरी संस्था जम्मू ने गहरा शोक व्यक्त किया। संस्था ने इसे जम्मू-कश्मीर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के साहित्यिक और सांस्कृतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
श्रद्धांजलि
डोगरी संस्था जम्मू के अध्यक्ष ने दी वेद को श्रद्धांजलि
द ट्रिब्यून के अनुसार, डोगरी संस्था जम्मू के अध्यक्ष प्रोफेसर ललित मगोत्रा ने दिवंगत लेखक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "उनकी रचनात्मक प्रतिभा, साहित्यिक दृष्टि और साहित्य, सिनेमा तथा टेलीविजन के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान ने उन्हें राष्ट्रीय सांस्कृतिक परिदृश्य में एक विशिष्ट स्थान दिलाया। उनकी साहित्यिक विरासत लेखकों और रचनात्मक कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके निधन से एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसे भर पाना मुश्किल होगा।"
पुरस्कार
वेद ने जीते ये पुरस्कार
ललित ने डोगरी संस्था जम्मू के साथ वेद के गहरे संबंधों को याद करते हुए बताया कि साहित्य और संस्कृति में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए इस संस्था ने उन्हें 2018 में प्रतिष्ठित 'दीनू भाई पंत मेमोरियल लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' और 2020 में 'कुंवर वियोगी साहित्य-कला सम्मान' से सम्मानित किया था।
एक लेखक होने के साथ-साथ वेद ने 1996 में UTV प्रोडक्शंस के तहत दूरदर्शन के लिए 'मीराबाई' नाम के एक पौराणिक धारावाहिक का निर्देशन भी किया था।