LOADING...
निर्माता आरबी चौधरी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, रजनीकांत समेत तमाम हस्तियों ने जताया शोक
दिग्गज निर्माता आरबी चौधरी की दर्दनाक मौत

निर्माता आरबी चौधरी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, रजनीकांत समेत तमाम हस्तियों ने जताया शोक

May 06, 2026
09:05 am

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर तमिल फिल्म निर्माता और 'सुपर गुड फिल्म्स' के संस्थापक आरबी चौधरी का राजस्थान के उदयपुर में एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया है। ये दुर्घटना 5 मई 2026 को उस समय हुई, जब वो उदयपुर के पास यात्रा कर रहे थे। उनकी कार अनियंत्रित होकर एक सुरक्षा दीवार से जा टकराई। इस हादसे में दिग्गज निर्माता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुखद

जानवरों को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, चौधरी लीलंबा गांव में एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने भतीजे के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उदयपुर के पास सड़क पर अचानक कुछ मवेशी (पशु) आ गए, जिन्हें बचाने के चक्कर में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्ट

चौधरी के निधन पर उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का भावुक पोस्ट

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की ओर से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा गया, 'प्रसिद्ध निर्माता और 'सुपर गुड फिल्म्स' के प्रमुख श्री आर.बी. चौधरी गारू के निधन की खबर ने मुझे हतप्रभ कर दिया है। मुझे इस दुखद समाचार पर विश्वास नहीं हो रहा है कि राजस्थान के उदयपुर के पास एक सड़क दुर्घटना में श्री चौधरी गारू का आकस्मिक निधन हो गया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।'

Advertisement

शोक

रजनीकांत बोले- हमने एक अद्भुत इंसान खो दिया

रजनीकांत ने एक्सर पर चौधरी को एक बेहतरीन निर्माता और अद्भुत इंसान के रूप में याद करते हुए शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि उनके प्रिय मित्र और 'सुपर गुड फिल्म्स' के प्रमुख आरबी चौधरी ने अनगिनत युवा निर्देशकों को अवसर देकर फिल्म जगत को जीवंत बनाए रखा। रजनीकांत ने उनके असामयिक निधन पर गहरा सदमा और दुख जताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

रजनीकांत ने जताया शोक

श्रद्धांजलि

'गॉड फादर' निर्माता के निधन से टूटे चिरंजीवी

चिरंजीवी ने लिखा, निर्माता चौधरी गारू के आकस्मिक और दुखद निधन की खबर सुनकर मेरा दिल टूट गया है। मैं उन्हें कई वर्षों से जानता हूं और हाल ही में अपनी फिल्म 'गॉड फादर' के दौरान सुपर गुड फिल्म्स के माध्यम से उनके साथ जुड़ा था। उन्होंने कई प्रतिभाशाली निर्देशकों और अभिनेताओं के करियर को संवारा और अनगिनत कहानियों को पर्दे पर जीवंत किया। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान शब्दों से परे है। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

ट्विटर पोस्ट

चिरंजीवी भी हुए भावुक

सफरनामा

व्यापार जगत से सिनेमा के शिखर तक

चौधरी ने कई फिल्म उद्योगों में काम किया, जिनमें मुख्य रूप से तमिल और तेलुगू फिल्में शामिल थीं, साथ ही उन्होंने कुछ मलयालम और हिंदी फिल्मों का भी निर्माण किया। वो प्रसिद्ध निर्माण कंपनी 'सुपर गुड फिल्म्स' के संस्थापक थे। चौधरी एक राजस्थानी परिवार से ताल्लुक रखते थे। फिल्म निर्माण में आने से पहले उन्होंने स्टील, निर्यात और आभूषण के व्यवसायों में काम किया था। उन्होंने अपने निर्माता करियर की शुरुआत सबसे पहले मलयालम फिल्म उद्योग से की थी।

जानकारी

आरबी चौधरी का परिवार

आरबी चौधरी की पत्नी महजबीन (तमिल मूल) हैं और उनके 4 बेटे हैं। उनके बेटे सुरेश फिल्म निर्माण से जुड़े हैं, जबकि जीवन स्टील व्यवसायी हैं, वहीं उनके बेटे जिथन रमेश निर्माता और अभिनेता हैं और बेटे जीवा भी अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं।

Advertisement