LOADING...
दिग्गज तमिल निर्देशक भारतीराजा का 84 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार
मशहूर निर्देशक भारतीराजा का निधन

दिग्गज तमिल निर्देशक भारतीराजा का 84 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार

Jun 10, 2026
09:27 am

क्या है खबर?

तमिल सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्देशक भारतीराजा का निधन हाे गया है। इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने 10 जून को चेन्नई में अपनी अंतिम सांस ली। तमिल फिल्म निर्माता काउंसिल ने 84 वर्षीय भारतीराजा को भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की है। खबरों के अनुसार, भारतीराजा के बेटे मनोज भारतीराजा का मार्च, 2024 में हृदयाघात से निधन हो गया था। इसके बाद से निर्देशक का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था।

सूचना

तमिल फिल्म काउंसिल ने खबर की पुष्टि की

तमिल फिल्म काउंसिल ने भारतीराजा के निधन पर शोक जताते हुए इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा, 'हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्यों में से एक मशहूर निर्देशक भारतीराजा का बुधवार को निधन हो गया है।' न्यूज 18 के मुताबिक, पिछले साल भारतीराजा को सांस संबंधी समस्या हुई थी, लेकिन बाद में वह ठीक हो गए थे। उनके निधन का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

परिचय

जानिए कौन थे निर्देशक भारतीराजा

17 जुलाई 1941 को तमिलनाडु के अलीनगरम में जन्मे भारतीराजा ने 1977 में फिल्म '16 वायथिनिले' के साथ सिनेमा में अपने निर्देशन की शुरुआत की थी। इसमें कमल हासन, श्रीदेवी और रजनीकांत जैसे सितारे शामिल थे। इसके बाद उन्होंने 'सिगप्पु रोजक्कल', 'अलैगल ओइवाथिल्लई', 'काधल ओवियाम' और 'मुधल मारियाथाई' जैसी करीब 40 से ज्यादा फिल्मों को निर्देशित किया। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें मानद उपाधि 'इयक्कुनर इमायम' से सम्मानित किया गया था।

Advertisement