हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता टॉम स्केरिट का निधन, 'टॉप गन' में निभाया था यादगार किरदार
क्या है खबर?
हॉलीवुड के मशहूर दिग्गज अभिनेता टॉम स्केरिट अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके परिवार ने एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की है कि अभिनेता ने बुधवार को 93 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन का प्राकृतिक कारण बताया जा रहा है। स्केरिट को मशहूर अभिनेता टॉम क्रूज की फिल्म 'टॉप गन' (1986) में कमांडर माइक 'वाइपर' मेटकाफ के चर्चित किरदार में देखा गया था। उनके निधन से सिनेमा में उदासी छा गई।
दुखद
दिग्गज अभिनेता के परिवार ने साझा किया भावुक बयान
स्केरिट के निधन की पुष्टि करते हुए उनके परिवार ने अपने बयान में लिखा, 'उनके जाने से हम बहुत दुखी हैं। दुनिया टॉम को उनके शानदार अभिनय करियर के लिए जानती थी, लेकिन हम उन्हें उनके ह्यूमर, जिज्ञासा, समझदारी, दरियादिली और हमारी जिंदगी में लाए गए प्यार के लिए जानते थे। उन्हें कल्पना, रचनात्मकता, कहानी कहने, सर्विस, वेटरन्स, कुदरत और दूसरों को अपनी आवाज ढूंढने और साझा करने में मदद करने की बहुत परवाह थी।'
योगदान
इन फिल्मों का हिस्सा रहे चुके थे स्केरिट
स्केरिट 11 ऑस्कर नामांकन हासिल करने वाली फिल्म 'द टर्निंग पॉइंट' (1977) में नजर आए थे। इसमें उन्होंने 'वेन रॉजर्स' नाम का एक महत्वपूर्ण सहायक किरदार निभाया था।
इसके बाद उन्होंने 'टॉप गन' और 'ए रिवर रन्स थ्रू इट' में यादगार किरदार निभाकर सिनेमा पर अपनी छाप छोड़ी।
करीब 6 दशक के करियर में स्केरिट ने 'मैस', 'स्टील मैगनोलियास' और 'द रूकी' समेत कई फिल्मों में अपना योगदान दिया। उनके निधन से दुखी फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।