तेलुगु सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री पावला श्यामला का दिल का दौरा पड़ने से निधन
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री पावला श्यामला का निधन हो गया है। वह 75 साल की थीं और लंबे समय से कई स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह हैदराबाद स्थित ओस्मानिया जनरल अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से वह चल बसीं। इस बात की पुष्टि डॉक्टरों द्वारा की गई। इस दुखद खबर के आने से सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई। फैंस उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
करियर
पावला के फिल्मी सफर पर एक नजर
साल 1951 में आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के अमरावती में जन्मीं पावला सिनेमा और थिएटर का चर्चित नाम रहीं।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और फिर 1985 में फिल्मों का रुख किया। उनकी पहली फिल्म की 'बाबाई अब्बाई' थी, जिसमें नंदमुरी बालकृष्ण मुख्य किरदार में थे।
फिर उन्हें 'स्वर्णकमलम', 'आंध्रावाला' और 'खड्गम' जैसी फिल्मों में देखा गया।
अपने 3 दशक से लंबे करियर में उन्होंने चिरंजीवी, अल्लू अर्जुन, प्रभास और जूनियर एनटीआर संग भी काम किया।
हालात
आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं पावला
पावला की निजी जिंदगी संघर्षों व आर्थिक तंगी से घिरी थी।
महज 13 साल में उनकी शादी हो गई, लेकिन 3 साल बाद पति के निधन से उन्हें एक विधवा का सख्त जीवन जीना पड़ा। बेटी के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठाने के लिए उन्होंने खूब संघर्ष किया।
अपने आखिरी दिनों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते पावला की मदद के लिए निर्देशक दिल राजू और पवन कल्याण समेत कई सितारे आगे आए, लेकिन अपनी बीमारी से लड़ते हुए चल बसीं।