Loading...
टीनू आनंद को अस्पताल से मिली छुट्टी, टूटी पसलियों से फेफड़े में हो गया था छेद
अस्पताल से घर लौटे टीनू आनंद

टीनू आनंद को अस्पताल से मिली छुट्टी, टूटी पसलियों से फेफड़े में हो गया था छेद

Nov 13, 2026
09:42 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर टीनू आनंद के चाहनेवालों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने के बाद आखिरकार उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कुछ समय पहले उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी 5 पसलियों में फ्रैक्चर और एक टूटी पसली की वजह से फेफड़े में छेद होने का पता चला था। अब वो पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।

तकलीफ

करवट बदलने तक में हो रहा है असहनीय दर्द

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद टीनू आनंद फिलहाल अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह से बेड रेस्ट की सलाह दी है और उनकी सेहत में तेजी से सुधार लाने के लिए घर पर ही फिजियोथेरेपी कराई जा रही है।

हालांकि, पसलियों में गंभीर चोट की वजह से उनकी तकलीफ अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उन्हें बिस्तर से उठने, बैठने और करवट बदलने तक में काफी दर्द हो रहा है।

असहजता

बोलने में भी हो रही परेशानी

दर्द के साथ-साथ टीनू आनंद को फिलहाल बोलने में भी असहजता महसूस हो रही है। हालांकि, ये अब तक साफ नहीं हो पाया है कि उन्हें यह गंभीर चोट किस वजह से लगी।

कुछ फिल्म निर्माताओं ने उनकी अधूरी डबिंग पूरी करने के लिए उनसे संपर्क किया है। कुछ फिल्मों को तय समय पर पूरा करने की तारीख भी करीब है, लेकिन उनकी खराब सेहत को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि वे कब दोबारा काम शुरू कर पाएंगे।

ADVERTISEMENT

करियर

सत्यजीत रे से सीखी फिल्ममेकिंग, फिर अमिताभ बच्चन संग दी कई हिट

टीनू का असली नाम वीरेंद्र राज आनंद है, जिन्होंने अभिनय के साथ निर्देशन में भी खास पहचान बनाई।

उन्होंने महान फिल्ममेकर सत्यजीत रे के सहायक निर्देशक के रूप में करीब 5 साल तक 'गूपी गाइन बाघा बाइन', 'अरण्येर दिन रात्रि' और 'प्रतिद्वंद्वी' जैसी फिल्मों में काम किया।

फिल्ममेकिंग की बारीकियां सीखने के बाद उन्होंने मुंबई लौटकर 'दुनिया मेरी जेब में' से निर्देशन शुरू किया और अमिताभ बच्चन के साथ 'कालिया', 'शहंशाह', 'मैं आजाद हूं' व 'मेजर साब' जैसी फिल्में बनाईं।

ADVERTISEMENT

अभिनय

सिर्फ निर्देशन नहीं, एक्टिंग में भी बेमिसाल हैं टीनू आनंद

टीनू आनंद ने सिर्फ निर्देशन ही नहीं, बल्कि हिंदी, तमिल, तेलुगू और बंगाली समेत कई भारतीय भाषाओं की फिल्मों में अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवाया है।

उनकी यादगार और लोकप्रिय फिल्मों में 'बॉम्बे', 'खिलाड़ी', 'दबंग', 'दबंग 2', 'सालार: पार्ट-1' और 'लकी भास्कर' जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

इसके अलावा वो साउथ के सुपरस्टार राम चरण और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की बहुचर्चित फिल्म 'पेद्दी' में भी एक अहम भूमिका में नजर आ चुके हैं।

ADVERTISEMENT