मशहूर शो 'वसुधा' से जुड़ीं कम्या पंजाबी, सबकी जिंदगी में मचाएंगी भूचाल
मशहूर शो 'वसुधा' में कम्या पंजाबी आ गई हैं। वह रुद्राणी सिंह शेखावत के किरदार में नजर आएंगी, जो अमेरिका से लौटी एक हाई-सोसाइटी कारोबारी प्रतिद्वंद्वी है।
उनका किरदार वसुधा और चंद्रिका के लिए नई चुनौतियां लेकर आएगा, जिससे शो में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा।
कम्या ने बताया, "'वसुधा' को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। किसी शो से दर्शकों का जुड़ना और उसकी कहानी में दिलचस्पी लेना हमेशा अच्छा लगता है। रुद्राणी का किरदार मुझे ऐसा ही मौका दे रहा है। मैं इस किरदार की गहराई को समझना चाहती हूं और 'वसुधा' में एक नया मोड़ लाना चाहती हूं।"
वसुधा और देव की शादी के बाद आएंगी रुद्राणी की चुनौतियां
रुद्राणी की एंट्री ऐसे समय हो रही है, जब वसुधा और देव की शादी का ट्विस्ट हाल ही में खत्म हुआ है। इस शादी के बाद शो में थोड़ी शांति आई थी।
अपनी अलग सोच और कारोबारी रवैये के साथ, रुद्राणी शो के मुख्य किरदारों के लिए नई मुश्किलें खड़ी करने के लिए तैयार हैं। कम्या ने कहा कि वह इस बहुआयामी किरदार को निभाने के लिए काफी उत्साहित हैं।