डेविड धवन-रमेश तौरानी की बढ़ी मुश्किलें, वाशु भगनानी ने ठाेका 400 करोड़ रुपये का मुकदमा
क्या है खबर?
वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' रिलीज से पहले विवादों में फंसी हुई है। फिल्ममेकर वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट और रमेश तौरानी की कंपनी टिप्स फिल्म्स के बीच फिल्म के शीर्षक को लेकर मामला उलझा हुआ है। ताजा जानकारी है कि भगनानी की प्रोडक्शन कंपनी ने कथित तौर पर रमेश तौरानी, कुमार एस तौरानी और निर्देशक डेविड धवन के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर कर दिया है।
वजह
इस कारण वाशु भगनानी ने उठाया कानूनी कदम
खबरों के मुताबिक, मुकदमे में दावा किया गया है कि वरुण की फिल्म में 'चुनरी चुनरी' और 'इश्क सोना है' जैसे लोकप्रिय गानों का इस्तेमाल आवश्यक अनुमति लिए बिना किया गया है। ANI से बातचीत में भगनानी के वकील ने कहा, "हमने टिप्स म्यूजिक कंपनी के खिलाफ 400 करोड़ रुपये के मुआवजे का दावा करते हुए मुकदमा दायर किया है। कानूनी लड़ाई कई दिनों से चल रही है और संगीतकारों के अधिकारों पर समझौता होने को तैयार नहीं है।"
मांग
याचिका के जरिए तत्काल राहत की मांग
वकील ने बताया कि कोर्ट में दायर याचिका में कथित तौर पर तत्काल राहत की मांग की गई है, जिसमें विवादित गानों वाली सभी प्रचार सामग्री के साथ-साथ 'है जवानी तो इश्क होना है' की रिलीज, वितरण, स्ट्रीमिंग, प्रदर्शन और आगे के वाणिज्यिक इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग उठाई गई है। बता दें, वरुण की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून को रिलीज हो रही है। इसमें पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी नजर आएंगी।।