वरुण धवन को अपने इस रवैये पर हुआ पछतावा, बोले- अजय देवगन जैसा बनना है
क्या है खबर?
'कॉफी विद करण 9' के तीसरे एपिसोड में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर खास मेहमान बनकर पहुंचे। इस दौरान करण जौहर के एक सवाल ने वरुण को उनके पुराने बयान की याद दिला दिए। दरअसल, 'कॉफी विद करण 6' में रणवीर सिंह और रणबीर कपूर से तुलना के दौरान वरुण ने अपनी हिट फिल्मों को लेकर शेखी बघारी थी। अब अभिनेता ने माना कि उन्हें अपने उस रवैये पर पछतावा है और वह अजय देवगन जैसा बनना चाहते हैं।
मामला
क्या है पूरा मामला?
करण ने रणबीर और रणवीर के बारे में वरुण के पहले दिए गए एक बयान का जिक्र किया।
'कॉफी विद करण' सीजन 6 के दौरान, जब करण ने वरुण से पूछा कि वह रणबीर और रणवीर में से किसे अपना बड़ा प्रतिद्वंद्वी मानते हैं, तब वरुण ने जवाब देते हुए कहा था, "कोई भी नहीं। उनके पास वो नहीं है, जो मेरे पास है। मेरी लगातार 8 फिल्में हिट रही हैं।"
बातचीत
वरुण नहीं करना चाहते कोई दिखावा
वरुण ने इसके बाद बताया कि उस समय तक उनकी 11 फिल्में हिट हो चुकी थीं।
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि कई साल पहले मैं यहां आया था और मैंने इस बात का दिखावा किया था कि मेरी कितनी हिट फिल्में हैं और आखिरकार, इसी वजह से मुझे बुरी नजर लग गई। मैं कोई दिखावा नहीं करना चाहता।"
बता दें वरुण हाल ही में 'है जवानी तो इश्क होना है' में नजर आए थे, जो फ्लॉप हुई थी।
तारीफ
वरुण ने की अजय की तारीफ
वरुण ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि जब आपको सफलता मिलती है, तो अजय देवगन की तरह रहना बेहतर है। वह कोई प्रतिक्रिया नहीं देते। मैंने उन्हें सफलता और असफलता, दोनों ही दौर में देखा है; वह हर स्थिति में एक जैसे ही रहते हैं। यह कमाल की बात है।"
वरुण की आने वाली फिल्मों के बारे में बात करें तो वो निर्देशक राहुल पांडे की फिल्म में नजर आ सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।