वरुण धवन ने क्यों ठुकराई थी फिल्म 'अंधाधुंध'? सालों बाद खुद किया खुलासा
वरुण धवन ने हाल ही में बताया कि सुपरहिट थ्रिलर फिल्म 'अंधाधुंध' में मुख्य भूमिका के लिए पहले उनसे संपर्क किया गया था, लेकिन शूटिंग की तारीखों के टकराव के कारण उन्हें यह फिल्म छोड़नी पड़ी थी।
तन्यम भट्ट के यूट्यूब शो पर उन्होंने इस बात को स्वीकार करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक अच्छी फिल्म थी। उस समय मैंने एक अच्छी फिल्म को ना कह दिया था।'
कंगना रनौत से भी हुई थी 'अंधाधुंध' के लिए बात
वरुण ने यह भी बताया कि 'अंधाधुंध' के लिए कंगना के नाम पर भी विचार चल रहा था। साल 2018 में आई इस फिल्म में आखिरकार आयुष्मान खुराना ने मुख्य भूमिका निभाई।
उन्होंने फिल्म में एक ऐसे पियानो वादक का किरदार निभाया था, जो खुद को अंधा बताता है और एक हत्या के रहस्य में उलझ जाता है। तब्बू और राधिका आपटे भी इस फिल्म में अहम किरदारों में नजर आईं।
इस फिल्म को खूब तारीफें मिलीं। यहां तक कि आयुष्मान ने इसके लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल फिल्म पुरस्कार भी अपने नाम किया।