उर्वशी रौतेला का ऐश्वर्या और प्रियंका के आगे घुटने टेकने वाली फर्जी तस्वीर पर फूटा गुस्सा
क्या है खबर?
सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या राय और प्रियंका चोपड़ा के सामने अपनी घुटने टेकने वाली एक फर्जी तस्वीर वायरल होने के बाद अभिनेत्री उर्वशी रौतेला का गुस्सा फूट पड़ा है। तस्वीर देख उर्वशी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बनाने और साझा करने वालों को जमकर फटकार लगाई है। इंटरनेट पर फैल रही इस नकारात्मकता पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए उर्वशी ने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।
तस्वीर
प्रियंका को सिंहासन और खुद को घुटनों पर देख फूटा गुस्सा
तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा को एक सिंहासन पर बैठा हुआ दिखाया गया, जबकि माधुरी दीक्षित, ऐश्वर्या राय बच्चन और दीपिका पादुकोण उनके पास खड़ी नजर आ रही थीं। पोस्ट के साथ लिखा था, 'जब बात वैश्विक लोकप्रियता की आती है।' हालांकि, इस तस्वीर में जिसने सबका ध्यान सबसे ज्यादा खींचा, वो था उर्वशी का इन सभी अभिनेत्रियों के सामने घुटनों के बल बैठे हुए (नतमस्तक) दिखाया जाना। यही एक ऐसी बात थी, जिसे देखते ही उर्वशी का माथा ठनक गया।
प्रतिक्रिया
कड़वाहट फैलाना बंद करें- उर्वशी
उर्वशी रौतेला ने ये पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीशेयर कर लोगों से आग्रह किया कि वो फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की एक-दूसरे से तुलना करना बंद करें और इसके बजाय हर किसी के व्यक्तिगत सफर और मेहनत की सराहना करें। उन्होंने लिखा, 'मेरा सच में ये मानना है कि हर अभिनेत्री का अपना एक सफर, कड़ी मेहनत और किस्मत होती है। महिलाओं की एक-दूसरे से तुलना करना या उनके प्रशंसकों के बीच विवाद पैदा करना सिर्फ नकारात्मकता फैलाता है।'
ट्रोलिंग
पिछले दिनों कान्स में ट्रोलिंग का शिकार हुई थीं उर्वशी
उर्वशी ने प्रशंसकों से कड़वाहट और नकारात्मकता को रोकने की अपील कर कहा कि हमें कलाकारों के बीच तुलना करने के बजाय उनकी प्रतिभा, तरक्की और दयालुता का जश्न मनाना चाहिए। सोशल मीडिया पर अक्सर सक्रिय रहने और फैंस से जुड़े रहने वाली उर्वशी हाल ही में कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुई थीं, लेकिन वहां भी उनके स्टाइल की तुलना सुपरमॉडल गीगी हदीद से की गई, जिसके चलते उन्हें नकल करने के लिए जमकर ट्रोल किया गया था।
आगामी फिल्में
इन फिल्मों में नजर आएंगी उर्वशी
काम के मोर्चे पर बात करें तो उर्वशी को आखिरी बार रणदीप हुड्डा के साथ वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' में देखा गया था। इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने बिना मेकअप वाला लुक चुना था, जो लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय बना। अभिनेत्री जल्द ही अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा उनकी आने वाली फिल्मों की कतार में 'ब्लैक रोज' और 'कसूर 2' भी शामिल हैं।