उर्मिला मातोंडकर वापसी के लिए तैयार, नेटफ्लिक्स की सीरीज में निभाएंगी ये अहम किरदार
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के फैंस के लिए खुशखबरी है। लंबे समय तक अभिनय से दूर रहने के बाद, खबर है कि वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वापसी करने जा रही हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपनी अगली हाई-प्रोफाइल सीरीज में उर्मिला को मुख्य किरदार के लिए कास्ट किया है। इसका निर्माण करने की जिम्मेदारी द वायरल फीवर (TVF) ने उठाई है। 'कोटा फैक्ट्री' और 'हेलो बच्चों' जैसी सीरीज के बाद नेटफ्लिक्स व TVF के बीच यह तीसरा सहयोग होगा।
किरदार
IIT-आधारित OTT सीरीज में उर्मिला की एंट्री पक्की
खबरों के मुताबिक, आगामी परियोजना की कहानी को गुप्त रखा जा रहा है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) और उसके आसपास के क्षेत्रों में घटित होगी।
इसमें उर्मिला को एक प्रधानाचार्या की भूमिका निभाते हुए देखा जाएगा। अन्य कलाकारों और उनके किरदारों की जानकारी आना अभी बाकी है।
यह भी कहा जा रहा है कि निर्माता बिना नाम वाली इस सीरीज को 2027 के मध्य में रिलीज करने का लक्ष्य रख रहे हैं।
निर्देशन
प्रोडक्शन का काम हो चुका शुरू
सीरीज का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन प्रोडक्शन का काम पहले ही शुरू हो चुका है। इसके निर्देशन की कमान दिव्यांशु मल्होत्रा ने संभाली है, जबकि पटकथा पुनीत बत्रा ने लिखी है।
इससे पहले, दोनों ने मिलकर TVF की 2018 में आई रोमांटिक ड्रामा 'फ्लेम्स' में साथ काम किया था।
उर्मिला की बात करें, तो उन्होंने गोविंदा, अनिल कपूर और सनी देओल समेत कई सितारों के साथ काम किया है। उनकी आखिरी फिल्म 'अजोबा' (मराठी में, 2014) थी।