
पंकज त्रिपाठी की 'मैं अटल हूं' के अलावा 2024 में दस्तक देंगी ये बायोपिक फिल्में
क्या है खबर?
पिछले महीने आई '12वीं फेल' अब तक दर्शकों के बीच चर्चा में हैं। यह फिल्म IPS मनोज कुमार शर्मा पर आधारित है।
फिल्म में मनोज के संघर्षों को दिखाया गया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है।
इन दिनों अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक 'मैं अटल हूं' भी चर्चा में है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी वाजपेयी का किरदार निभाएंगे। इस साल कई हस्तियों की बायोपिक रिलीज होने वाली हैं।
आइए 2024 में आने वाली बायोपिक फिल्मों पर नजर डालते हैं।
#1
'चकदा एक्सप्रेस'
अनुष्का शर्मा को पिछली बार 2018 में फिल्म 'जीरो' में देखा गया था। इस फिल्म के जरिए वह पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
यह फिल्म भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी की बायोपिक है। फिल्म में अनुष्का गेंदबाज झूलन का किरदार निभाएंगी।
झूलन दुनिया में दूसरे नंबर की सबसे तेज गेंदबाज हैं। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 2,000 से ज्यादा ओवर फेंकने वाली दुनिया की इकलौती महिला गेंदबाज हैं।
#2
'मैदान'
अजय देवगन काफी समय से अपनी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'मैदान' को लेकर चर्चा में हैं। इसमें वह फुटबॉल कोच सईद अब्दुल रहीम की भूमिका निभाएंगे, जिन्हें भारतीय फुटबॉल जगत के पिता के तौर पर जाना जाता है।
अमित शर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में 1952-62 में भारतीय फुटबॉल के स्वर्णकाल को दिखाया जाएगा।
फिल्म की रिलीज लंबे समय से टल रही है। अब यह फिल्म इस साल रिलीज की जाएगी। फिलहाल इसकी तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
#3
'श्री'
राजकुमार राव की 'श्री' इस साल 10 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
निर्देशक तुषार हीरानंदानी ने की इस फिल्म में अलाया एफ, ज्योतिका और शरद केलकर भी हैं।
'श्री' उद्योगपति श्रीकांत बोला के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने दृष्टिबाधित होते हुए भी बिजनेस में सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ और दूसरे दिव्यांगजनों के लिए मिसाल बने।
इसमें राजकुमार एक दृष्टिबाधित छात्र के उद्योगपति बनने के सफर को पर्दे पर उतारेंगे।
#4
'चंदू चैंपियन'
कबीर खान की 'चंदू चैंपियन' 14 जून, 2024 को रिलीज होगी।
यह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है जो पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीत चुके मुरलीकांत पेटकर पर आधारित है।
1972 में जर्मनी में हुए पैरालंपिक में मुरलीकांत, 50 फ्री-स्टाइल स्वीमिंग में भारत के लिए पहला पैरालंपिक गोल्ड जीतने वाले एथलीट बने थे।
कार्तिक आर्यन इस जांबाज खिलाड़ी के जीवन को पर्दे पर उतारेंगे। उनके साथ फिल्म में राजपाल यादव, विजय राज, भुवन अरोड़ा और भाग्यश्री भी नजर आएंगी।
#5
'छावा'
विक्की कौशल बीते दिनों फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की बायोपिक 'सैम बहादुर' में नजर आए थे।
अब वह 'छावा' के लिए चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे संभाजी राजे का किरदार निभा रहे हैं।
यह मराठा शूरवीरों की गाथा है। माना जाता है कि संभाजी राजे ने अपने समय में तकरीबन 210 युद्ध लड़े थे।
लक्ष्मण उतेकर की इस फिल्म में रश्मिका मंदाना भी नजर आएंगी। यह फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज होगी।