'द ममी 4' का आधिकारिक ऐलान, ब्रेन्डन फ्रेजर और राचेल वीज की जोड़ी फिर लौटेगी पर्दे पर
तकरीबन दो दशक के बाद 'द ममी 4' के साथ यह मशहूर फ्रेंचाइजी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने आधिकारिक ऐलान कर दिया है कि फिल्म में ब्रेन्डन फ्रेजर और राचेल वीज अपने पुराने और यादगार किरदारों में नज़र आएंगे। खबर है कि जॉन हन्ना भी इस बार साथ दिख सकते हैं। फिल्म की शूटिंग 2026 की गर्मियों में शुरू होगी और ये 19 मई, 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'ममी' की दुनिया में फिर लौटेगा रोमांच
फिल्म की कहानी को लेकर खास बात यह है कि यह 'द ममी रिटर्न्स' के आगे का हिस्सा होगी। निर्माताओं ने फैसला किया है कि तीसरी फिल्म की कहानी को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा ताकि प्लॉट उलझे नहीं और सरल बना रहे। फिलहाल कहानी को गुप्त रखा गया है, लेकिन फैंस को इसमें वही पुराने रहस्यमयी श्राप, खतरनाक शक्तियां और खजाने की खोज वाला रोमांच देखने को मिलेगा।
फिल्म की कमान 'स्क्रीम' जैसी हिट फिल्में देने वाले मशहूर निर्देशक मैट बेटिनेली-ओल्पीन और टायलर गिललेट संभाल रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार दर्शकों को पर्दे पर जबरदस्त एडवेंचर और नई ऊर्जा देखने को मिलेगी।