बॉक्स ऑफिस पर पस्त 'उड़ता तीर', आयुष्मान-सारा की फिल्म ने पहले दिन बटोरे महज इतने करोड़
क्या है खबर?
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की स्पाय-कॉमेडी फिल्म 'उड़ता तीर' की बॉक्स ऑफिस पर सुस्त शुरुआत हुई है। बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के बावजूद फिल्म पहले दिन दर्शकों को खींचने में संघर्ष करती दिखी। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का पहला दिन का कलेक्शन काफी निराशाजनक रहा है, जो आयुष्मान खुराना की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों के आंकड़े से काफी पीछे रह गया है।
कमाई
'उड़ता तीर' की बॉक्स ऑफिस पर ठंडी शुरुआत
जासूसी और कॉमेडी से भरी फिल्म 'उड़ता तीर' की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने देशभर के 6,265 शो से पहले दिन सिर्फ 4.10 करोड़ रुपये की कमाई की। ये कारोबार आयुष्मान खुराना की पुरानी सुपरहिट फिल्मों से काफी कम है।
जहां 'ड्रीम गर्ल 2' और 'बाला' ने 10 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग ली थी, लेकिन 'उड़ता तीर' पहले दिन दर्शकों को लुभाने में नाकाम रही।
टकराव
'उड़ता तीर' के सामने ये फिल्में
23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई स्पाय-कॉमेडी फिल्म 'उड़ता तीर' में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं।
ये फिल्म एक ऐसे नासमझ जासूस की कहानी है, जो एक पेचीदा मिशन के दौरान अपनी हरकतों से पूरे खेल को उल्टा-पुल्टा कर देता है।
सिनेमाघरों में इस फिल्म का मुकाबला सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल की 'तू है मेरी किरण', रोमांटिक ड्रामा 'पहला प्यार दूसरी बार' और क्रिकेट ड्रामा 'दूसरा' जैसी फिल्मों से हुआ है।
अन्य फिल्म
'तू है मेरी किरण' से सोनाक्षी की फीकी वापसी
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' 23 अक्टूबर को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई।
इस फिल्म के जरिए सोनाक्षी ने लंबे समय बाद सिनेमाघरों में वापसी की है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर उनकी ये वापसी बेहद सुस्त रही। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने अपने पहले दिन महज 15 लाख के आसपास की बेहद निराशाजनक कमाई की है।
इस फिल्म काे दर्शकों व समीक्षकों से भी कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं मिली।