UAE के स्कूलों में अब लैपटॉप नहीं, सिर्फ किताबें; आर माधवन बोले- बच्चों के लिए वरदान
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने छठी कक्षा के छात्रों के लिए एक बड़ा बदलाव किया है। अब क्लासरूम में डिजिटल उपकरणों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है और पढ़ाई के लिए पुराने तरीकों यानी किताबों और नोटबुक्स का ही इस्तेमाल होगा।
इस बदलाव के पीछे मुख्य मकसद बच्चों का स्क्रीन के सामने कम समय बिताना, उनकी लिखावट सुधारना और क्लास में बातचीत को बढ़ाना है।
अभिनेता आर माधवन ने इस फैसले की खूब सराहना की है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों का तकनीक की वजह से पढ़ाई से भटकने वाला ध्यान अब केंद्रित हो पाएगा और वे बेहतर तरीके से सीख पाएंगे।
यह नियम साइकिल 2 के छठी कक्षा के छात्रों के लिए होगा लागू
यह नीति साइकिल 2 के स्कूलों में पढ़ने वाले छठी कक्षा के सभी छात्रों पर लागू होगी। स्कूल के घंटों के दौरान लैपटॉप और टैबलेट का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि, अगर कोई शिक्षक इजाजत दे तो बच्चे घर पर इन उपकरणों का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, स्कूलों ने अपने कैंपस के अंदर और नेटवर्क पर VPN एप्लिकेशन और बिना मंजूरी वाले किसी भी निजी वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर भी रोक लगाई है।
इन सुविधाओं का इस्तेमाल तभी किया जा सकेगा जब कोई शैक्षणिक या प्रशासनिक वजह हो और उसके लिए पहले से मंजूरी ली गई हो।