Page Loader
'पोरस' से 'जोधा अकबर' तक, इन धारावाहिकों का बजट फिल्मों को देता है टक्कर 
टीवी की दुनिया में भी बहाया गया खूब पैसा

'पोरस' से 'जोधा अकबर' तक, इन धारावाहिकों का बजट फिल्मों को देता है टक्कर 

लेखन पलक
Mar 19, 2024
12:09 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड फिल्मों का बजट इन दिनों आसमान छू रहा है। अब ज्यादातर फिल्मों को बनाने में तकरीबन 500 से 600 करोड़ रुपये की भारी रकम खर्च की जाती है। बड़े पर्दे के साथ ही छोटा पर्दा भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है। धारावाहिकों को देखकर भी सभी की आंखें चुंधिया जाती हैं। दरअसल, इन्हें बनाने में भी काफी पैसा खर्च होता है। चलिए आज उन टीवी सीरियलों के बारे में जानते हैं, जिनका बजट फिल्मों को टक्कर देता है।

#1

'जोधा अकबर'

जब भी टीवी पर प्रसारित होने वाले ऐतिहासिक धारावाहिकों की बात आती है तो सभी के दिमाग में 'जोधा अकबर' नाम जरूर आता है। इसने हमें मुगल राजा अकबर और उनकी पत्नी जोधा बाई की प्रेम कहानी में झांकने का मौका दिया। रजत टोकस और परिधि शर्मा अभिनीत 'जोधा अकबर' को हर रूप से भव्य बनाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 'जोधा अकबर' के 1 एपिसोड को बनाने में करीब 9 लाख रुपए खर्च किए जाते थे।

#2

'नागिन 6'

टीवी की क्वीन कही जाने वाली एकता कपूर ने 'नागिन' नामक साइंस फिक्शन सीरीज शुरू की थी, जो हिट रही। प्रशंसकों इसके नए सीजन का बेसब्री से इंजार करते हैं। इसे देखना लोग इस कदर पसंद करते हैं कि अभी तक 'नागिन' के 6 सीजन आ चुके हैं। तेजस्वी प्रकाश अभिनीत 'नागिन 6' दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एकता ने 'नागिन 6' को तकरीबन 130 करोड़ रुपये के बजट से बनाया था।

#3

'पोरस'

दुनिया फतेह का सपना लिए जब एलेक्सजेंडर 'द ग्रेट भारत' की ओर आए तो उन्हें टक्कर देने के लिए राजा पोरस मौजूद थे। भारतीय इतिहास के इसी राजा की कहानी को इस धारावाहिक के साथ पर्दे पर लाया गया था। इसके 1 एपिसोड पर 1 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होता था। सीरियल के कुल मिलाकर 299 एपिसोड आए थे। ऐसे में 'पोरस' का बजट 500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। यह आज तक का सबसे महंगा धारावाहिक है।

#4

'सूर्यपुत्र कर्ण'

इस सूची में 'सूर्यपुत्र कर्ण' का नाम भी शामिल है, जो हमें भगवान सूर्य के पुत्र और 'महाभारत' में अहम भूमिका निभाने वाले कर्ण की कहानी दिखाता है। गौतम रोडे अभिनीत इस धारावाहिक को दर्शकों का खूब प्यार मिला था। इसमें बड़े-बड़े सेट से लेकर वेशभूषाओं पर भी पानी की तरह पैसा बहाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका बजट 250 करोड़ रुपये है और इसके कुल 307 एपिसोड टीवी पर आए थे।

#5 और #6

'बिग बॉस' और '24-सीजन 2'

लोकप्रिय टीवी शो 'बिग बॉस' को बनाने में भी भारी-भरकम रकम का इस्तेमाल किया जाता है। सलमान खान द्वारा होस्ट किया जाने वाले इस शो में दर्शकों को लुभाने के लिए निर्माता अलग-अलग थीम लाते हैं। बताया जाता है कि निर्माता इसके 1 एपिसोड पर लगभग 2 से 4 करोड़ रुपये खर्च करते हैं। अनिल कपूर ने '24' से टीवी पर कदम रखा था। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके हर एपिसोड पर करीब 1.50 करोड़ रुपये खर्च होते थे।