कब आएगी फिल्म 'गोलमाल 5'? तुषार कपूर ने कही ये बात
निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म 'सर्कस' की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। इसके बाद रोहित अपनी अन्य सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'गोलमाल' के काम पर जुटेंगे। अपनी टीम के साथ वह इसके प्री-प्रोडक्शन पर जल्द ही काम शुरू कर देंगे। वैसे भी 'गोलमाल' की अगली किश्त का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है और अब अभिनेता तुषार कपूर ने फिल्म से जुड़ीं अहम जानकारियां साझा की हैं। आइए जानते हैं उन्होंने इस बारे में क्या कुछ कहा।
लॉकडाउन की वजह से हुई फिल्म में देरी- तुषार
तुषार कपूर ने हाल ही में इंडस्ट्री में 20 साल पूरे भी किए हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर से कहा, "कोरोना काल ने सब गड़बड़ किया, वरना 2019 में 'गोलमाल 5' की घोषणा हुई थी। इसे इसी साल रिलीज किया जाना था, लेकिन लॉकडाउन होने की वजह से जाहिर तौर पर ऐसा नहीं हो पाया।" उन्होंने कहा, "हालांकि, मुझे यकीन है कि यह एक न एक दिन तो बनेगी। मेरे ख्याल से अगले साल या उसके बाद।"
लॉकडाउन के बाद लोग 'गोलमाल' जैसी फिल्म देखना पसंद करेंगे- तुषार
तुषार ने आगे कहा, "लॉकडाउन के बाद लोग जरूर 'गोलमाल' सीरीज जैसी फिल्म देखना पसंद करेंगे। वह इसलिए कि इस लॉकडाउन में समाज के हर तबके ने कठिनाइयां उठाई हैं। सब तनाव में रहें हैं। लिहाजा कोरोना खत्म होने के बाद लोग हंसी-खुशी वाले माहौल में फिर से जाना चाहेंगे, वो सब इस सीरीज से उन्हें मिलेगा।" 'गोलमाल' की पिछली किश्त में हॉरर का कॉन्सेप्ट डाला गया था। इस बार एक्शन का डोज ज्यादा रहेगा।
बॉलीवुड की लोकप्रिय फिल्म सीरीज है 'गोलमाल'
'गोलमाल' सीरीज की पिछली चारों फिल्में दर्शकों की कसौटी पर खरी उतरी हैं। अब इसके पांचवें पार्ट के जरिए एक बार फिर दर्शकों को हंसी का तगड़ा डोज मिलने वाला है। 'गोलमाल' सीरीज का पहला पार्ट 2006 में रिलीज हुआ था, जिसमें अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर और शरमन जोशी ने अहम भूमिका निभाई थी। 2008 में 'गोलमाल रिटर्न्स' आई थी। तीसरा पार्ट 2010 में आया और सात साल बाद 'गोलमाल' की चौथी फिल्म 'गोलमाल अगेन' आई थी।
फिल्म 'मरीच' में नजर आएंगे तुषार
तुषार कपूर जल्द ही फिल्म 'मरीच' के साथ दर्शकों के बीच हाजिर होंगे। इस फिल्म में वह पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। इसमें उनके साथ अनीता हसनंदानी दिखाई देंगी। तुषार के करियर की बात करें तो वह अपने पिता जितेन्द्र और बहन एकता की तरह सफल नहीं हुए। आखिरी बार वह फिल्म 'सिम्बा' में मेहमान भूमिका में नजर आए थे। तुषार ने पिछले साल अक्षय कुमार की फिल्म 'लक्ष्मी' से बतौर निर्माता अपने करियर की शुरुआत की थी।