'खतरों के खिलाड़ी 12' के विजेता बने तुषार कालिया, मिले 20 लाख रुपये
क्या है खबर?
'खतरों के खिलाड़ी 12' का ग्रैंड फिनाले 24 और 25 सितंबर को हुआ। अब शो के विजेता का ऐलान कर दिया गया है।
सभी को पछाड़ते हुए कोरियोग्राफर तुषार कालिया ने इस शो का खिताब जीत लिया है।
ट्रॉफी के साथ उन्हें 20 लाख रुपये की राशि दी गई। इसके अलावा उन्हें मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार मिली है।
शो में टॉप-5 में मिस्टर फैजू (फैजल शेख), तुषार, रुबीना दैलक, जन्नत जुबैर और मोहित मलिक ने अपनी जगह पक्की की थी।
इंस्टाग्राम पोस्ट
रोहित शेट्टी ने दी तुषार को ट्रॉफी
कलर्स टीवी ने इंस्टाग्राम पर तुषार की तस्वीरें शेयर करते हुए शो के विजेता की घोषणा की है।
कलर्स टीवी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'तुषार ने 'खतरों के खिलाड़ी' के विजेता के रूप में सफलतापूर्वक ट्रॉफी जीती है। कमेंट में उन्हें बधाई भेजिए।'
शेयर की गई तस्वीरों में शो के होस्ट रोहित शेट्टी उन्हें ट्रॉफी देते हुए नजर आए।
बता दें कि शुरुआत से ही ऐसी चर्चा चल रही थी कि तुषार यह शो जीतेंगे।
परिचय
जानिए कौन हैं तुषार कालिया
तुषार का जन्म 6 मार्च, 1986 को चंडीगढ़ में हुआ था। उन्होंने कई फिल्मों में गानों को कोरियोग्राफ किया है।
इसके अलावा उन्होंने 'डांस दीवाने' को भी जज किया है। जब 'डांस दीवाने' का समापन हुआ, तब उन्होंने 'खतरों के खिलाड़ी 12' में एंट्री मारी थी।
तुषार को पहला ब्रेक करण जौहर की चर्चित फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' से मिला था। इसके बाद उन्होंने 'हाफ गर्लफ्रेंड', 'वॉर' और 'द जोया फैक्टर' में बतौर कोरियोग्राफर काम किया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
तुषार दूसरे कोरियोग्राफर हैं, जिन्होंने 'खतरों के खिलाड़ी' का शो जीता है। इससे पहले कोरियोग्राफर पुनीत पाठक ने भी 'खतरों के खिलाड़ी 9' की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
रनर-अप
इस शो के रनर-अप बने फैजल शेख
इस शो के रनर-अप फैजल शेख बने। उन्हें शो का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। खबरों की मानें तो रोहित ने फैजल को फिल्म का ऑफर भी दिया है।
फैजल पिछले साल सीरीज 'बैंग बैंग' में दिखे थे।
शो के फिनाले का प्रसारण कलर्स टीवी और वूट पर हुआ। इस ग्रैंड फिनाले में रोहित की 'सर्कस' की टीम ने हिस्सा लिया।
फिनाले में अभिनेता रणवीर सिंह खूब मस्ती करते नजर आए।
पिछला सीजन
'खतरों के खिलाड़ी' के पिछले सीजन के विजेता थे अर्जुन बिजलानी
'खतरों के खिलाड़ी' के पिछले सीजन के विजेता टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी बने थे। टीवी अभनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी इस शो की पहली रनर-अप रही थीं।
टॉप-3 में अर्जुन के साथ विशाल आदित्य सिंह और दिव्यांका ने जगह बनाई थी।
पिछले साल भी शो को रोहित ने ही होस्ट किया था। यह शो अपने रोमांच के लिए जाना जाता है। इसमें इंडस्ट्री के सेलेब्स खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आते हैं।