'टॉक्सिक' का ट्रेलर रिलीज, सिनेमाघरों में तबाही मचाने को तैयार 'रॉकिंग स्टार' यश
क्या है खबर?
'KGF' स्टार यश पिछले काफी समय से अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म की शुरुआती झलकियां और गाने सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा था। अब आखिरकार फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस एक्शन-थ्रिलर में यश एक बिल्कुल नए और खूंखार अवतार में नजर आ रहे हैं, जो रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
ट्रेलर
खौफनाक सीन से शुरुआत
फिल्म 'टॉक्सिक' का ट्रेलर बेहद जबरदस्त अंदाज में शुरू होता है, जहां यश का किरदार अपने ही बेटे पर गोली चलाता है।
मासूम की दया की भीख भी उनका दिल नहीं पिघला पाती। ये पहला ही सीन फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर देता है। ट्रेलर एक धमाकेदार गैंगस्टर ड्रामा का वादा करता है, जिसमें भावनात्मक लव स्टोरी का तड़का और एक हैरान कर देने वाला ट्विस्ट है, जो यकीनन आपके होश उड़ा देगा।
किरदार
गैंगस्टर 'राया' बनकर तबाही मचाएंगे यश
निर्देशक गीतू मोहनदास ने फिल्म को बेहद भव्य पैमाने पर शूट किया है। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, खौफनाक दृश्य और जुनूनी रोमांस की झलक साफ दिखाई देती है।
जहां यश अपने प्रभावशाली अंदाज से ध्यान खींचते हैं, वहीं कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया के साथ उनकी केमिस्ट्री बेहद आकर्षक है। इसमें 'रॉकिंग स्टार' यश 'राया' नाम के गैंगस्टर के अनदेखे अवतार में नजर आएंगे।
फिल्म में कियारा 'नादिया', तारा 'रिबेका', रुक्मिणी 'मेलिसा' और नयनतारा 'गंगा' के दमदार किरदारों में हैं।
ट्रेलर लॉन्च
ट्रेलर लॉन्च पर बेंगलुरु में उमड़ी फैंस की भारी भीड़
ट्रेलर आने से पहले निर्माताओं ने यश का एक पोस्टर जारी कर फैंस का उत्साह बढ़ा दिया था।
बेंगलुरु के AMB सिनेमाज में आयोजित एक भव्य इवेंट के बाद निर्माताओं ने 8 अगस्त को शाम 7 बजकर 1 मिनट पर फिल्म का ट्रेलर ऑनलाइन जारी किया। ट्रेलर लॉन्च से पहले ही थिएटर के बाहर फैंस की भारी भीड़ जुट गई थी।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ये गैंगस्टर एक्शन-थ्रिलर फिल्म, अपराध और सत्ता के खूनी खेल को दर्शाती है।
कहानी
1990 के दशक के गोवा पर आधारित है फिल्म
'टॉक्सिक' 1990 के दशक के उत्तरार्ध के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक गैंगस्टर एक्शन-थ्रिलर फिल्म है। यश ने निर्देशक गीतू मोहनदास के साथ मिलकर इस फिल्म की कहानी भी लिखी है।
फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय, सुदेव नायर और अमित तिवारी जैसे कई बड़े कलाकार शामिल हैं।
कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट की गई फिल्म 'टॉक्सिक' को हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।