Loading...
'टॉक्सिक' इवेंट में हादसा, यश के भाषण के दौरान गिरा साउंड बॉक्स; 2 छात्र जख्मी
यश के 'टॉक्सिक' इवेंट में गिरा साउंड बॉक्स, 2 छात्र घायल

'टॉक्सिक' इवेंट में हादसा, यश के भाषण के दौरान गिरा साउंड बॉक्स; 2 छात्र जख्मी

Aug 23, 2026
10:35 am

क्या है खबर?

हैदराबाद में फिल्म 'टाॅक्सिक' के प्री-रिलीज इवेंट में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छात्रों के पास लगा साउंड बॉक्स का ढांचा अचानक ढह गया। इस घटना में 2 छात्र घायल हो गए। हादसे के वक्त साउथ स्टार यश मंच से भाषण दे रहे थे, लेकिन उन्होंने स्थिति बिगड़ते देख तुरंत अपना भाषण रोक दिया। खचाखच भरे स्टेडियम में हुए इस हादसे के बाद अब इवेंट में भीड़ और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हादसा

मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में मची भगदड़, यश ने बीच में रोका भाषण

हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में शनिवार रात फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्शकों के पास लगा एक साउंड बॉक्स का ढांचा ढह गया।

हादसे को देखकर अभिनेता यश ने तुरंत अपना भाषण रोक दिया। इस घटना में 2 छात्र जख्मी हो गए, जबकि एक युवती के बेहोश होने की खबर है।

ये हादसा उस वक्त हुआ, जब यश यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैंस की भारी भीड़ को संबोधित कर रहे थे।

घटना

इवेंट में खंभों पर चढ़े छात्र और ढह गया साउंड बॉक्स

इवेंट के सामने आए वीडियो और तस्वीरों के मुताबिक, कुछ छात्र साउंड बॉक्स और अन्य उपकरणों को सपोर्ट देने वाले खंभों पर चढ़ गए थे, जिसके कारण वो भारी-भरकम ढांचा संतुलन बिगड़ने से भीड़ की तरफ ढह गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

यश ने कार्यक्रम में आगे बढ़ने से पहले आयोजकों से घायल छात्रों की स्थिति और उनके हाल-चाल के बारे में पूछा।

ADVERTISEMENT

जायजा

हादसे के बाद मंच से क्या बोले यश?

मंच से यश को कहते सुना गया, "हे, संभलकर! क्या वहां सब ठीक है? प्लीज सर जांच कीजिए। छात्रों कृपया सावधान रहिए।"

फिर जब उन्होंने छात्रों के एक अन्य समूह को ढांचे पर चढ़ते देखा तो उन्होंने हाथ जोड़कर उतरने की अपील की।

कुछ ही मिनटों बाद यश ने फिर से भीड़ का हाल-चाल पूछा, "क्या अब सब ठीक है? क्या सब सुरक्षित हैं?"

जब आयोजकों ने पुष्टि की कि स्थिति नियंत्रण में है, तब उन्होंने अपना भाषण आगे बढ़ाया।

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

भीड़

पुलिस के मना करने पर भी स्टेज के पास डटे रहे छात्र

घायल दोनों छात्रों को तुरंत एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, हालांकि उनकी चोटों की गंभीरता की सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है।

मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में यश को देखने के लिए हजारों छात्रों की भारी भीड़ उमड़ी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओवरक्राउडिंग और भगदड़ की आशंका को देखते हुए पुलिस ने छात्रों को पीछे हटने को कहा था, लेकिन कई फैंस स्टेज के पास ही डटे रहे और ढांचों पर चढ़ गए, जिसके चलते ये हादसा हुआ।

फिल्म

'टॉक्सिक' कब हो रही रिलीज?

'टॉक्सिक' में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणि वसंत मुख्य भूमिकाओं में हैं।

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के 2 अलग-अलग अवतार देखने को मिलेंगे।

इस गैंगस्टर एक्शन ड्रामा का संगीत चरण राज ने तैयार किया है। फिल्म 'टॉक्सिक' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से 'A' सर्टिफिकेट मिला है और यह 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ADVERTISEMENT