'टॉप गन 3' के साथ वापसी करेंगे टॉम क्रूज, फिल्म पर दिया सबसे बड़ा अपडेट
क्या है खबर?
हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज अपनी आगामी फिल्म 'डिगर' को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं, जिसमें उन्हें एक बुजुर्ग व्यक्ति के किरदार में देखा जाएगा। हालांकि, दर्शकों को लुभाने का उनका सिलसिला अभी खत्म नहीं होगा, क्योंकि अभिनेता 'टॉप गन' फ्रैंचाइजी की तीसरी किस्त के साथ फिर लौटेंगे। पैरामाउंट ने निर्माता जेरी ब्रूकहाइमर के साथ मिलकर इस फ्रैंचाइजी की वापसी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म पर काम शुरू कर दिया गया है।
निर्माण
'टॉप गन 3' के निर्माण का चल रहा काम
अमेरिका के सिनेमाकॉन समारोह में, पैरामाउंट फिल्म के सह-प्रमुख जोश ग्रीनस्टीन ने 'टॉप गन 3' को लेकर बात की। उन्होंने कहा, "फिल्म आधिकारिक तौर पर विकास के चरण में है, और इसकी पटकथा पर काम तेजी से चल रहा है।" उन्होंने यह भी बताया कि टॉम और ब्रुकहाइमर, दोनों ही इस फ्रैंचाइजी में वापसी करेंगे। बता दें, 'मिशन: इम्पॉसिबल' फ्रैंचाइजी के खत्म होने के बाद, 'टॉप गन' एकमात्र सक्रिय फिल्म फ्रैंचाइजी है, जिसमें 63 वर्षीय अभिनेता मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म
'टॉप गन' फ्रैंचाइजी के बारे में जानिए
'टॉप गन' फ्रैंचाइजी की पहली किस्त 1986 में रिलीज हुई थी। इसने 24 वर्षीय टॉम को सुपरस्टारडम तक पहुंचने में मदद की थी। इसकी दूसरी किस्त 'टॉप गन: मेवरिक' 2022 में रिलीज हुई थी। इसमें उन्होंने लेफ्टिनेंट पेटे 'मेवरिक' का किरदार निभाया था जो एक खतरनाक मिशन के लिए पायलेटों को ट्रेनिंग देने के लिए एक फ्लाइट स्कूल में जाता है। यह फ्रैंचाइजी अभिनेता के करियर की सबसे सफल फिल्मों की सूची में शामिल है।