टाइगर श्रॉफ इन फिल्मों से जीतने आएंगे जनता का दिल, बॉक्स ऑफिस पर लाएंगे तूफान
क्या है खबर?
'हीरोपंती' (2014) से अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाले अभिनेता टाइगर श्रॉफ 36 साल के हो चुके हैं। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने 'बागी' और 'वॉर' जैसी कई सफल फिल्में दीं, लेकिन 2025 में आई 'बागी 4' जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह से पानी फेर गई। इसके अलावा, टाइगर की 'गणपत', 'मुन्ना माइकल' और 'फ्लाइंग जट्ट' जैसी कई फिल्में फ्लॉप रहीं। हालांकि, आने वाले दिनों में अभिनेता कई सारी फिल्में लेकर आ रहे हैं जिनके बारे में यहां जानिए।
#1
'लग जा गले'
टाइगर की पिछली फिल्म 'बागी 4' भले बुरी तरह से फ्लॉप साबित रही हो, लेकिन उन्होंने अपनी नई फिल्म के लिए दोगुनी मेहनत करना शुरू कर दिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता के पास 'लग जा गले' नाम की एक फिल्म है जिसे करण जौहर बना रहे हैं। बदले की भावना पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन राज मेहता करेंगे। फिल्म में टाइगर के साथ जाह्नवी कपूर मुख्य किरदार में नजर आएंगी। लक्ष्य लालवानी भी इसका हिस्सा होंगे।
#2
'वज्र'
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, फिल्म 'नीरजा' के निर्देशक राम माधवानी और निर्माता महावीर जैन की चर्चित आध्यात्मिक फिल्म का शीर्षक 'वज्र' रखा गया है। इस फिल्म में मुख्य किरदार के लिए टाइगर को आधिकारिक तौर पर फाइनल किया गया है। अन्य जानकारी को फिलहाल के लिए गुप्त रखा गया है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि फिल्म का निर्माण कार्य 2026 की दूसरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है। इसका एक बड़ा हिस्सा जापान में फिल्माया जाएगा।
#3
मुराद खेतानी के साथ फिल्म
पिंकविला के मुताबिक, टाइगर ने निर्माता मुराद खेतानी के साथ एक हाई-कॉन्सेप्ट एक्शन फिल्म के लिए हाथ मिलाया है जिसके निर्देशन की कमान सचिन रवि ने संभाली है। सचिन को कन्नड़ एक्शन-एडवेंचर फिल्म 'अवने श्रीमन्नारायण' के लिए जाना जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, टाइगर को काफी समय से एक्शन के एक नए फॉर्मेट की तलाश में थे। मुराद और सचिन ने उनकी इस तलाश को खत्म किया है। फिल्म 2026 में रिलीज हो सकती है।
#4
मिलाप जावेरी के साथ फिल्म
इसके अलावा, टाइगर की एक और फिल्म पिछले कुछ महीनों से चर्चा में है। 'एक दीवाने की दीवानियत' और 'मस्ती 4' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके मिलाप जावेरी अपनी अगली एक्शन थ्रिलर फिल्म के लिए चर्चा बटोर रहे हैं। TOI के मुताबिक, फिल्म में मुख्य किरदार के लिए टाइगर को फाइनल किया है और उनके साथ अभिनेत्री कृति शेट्टी नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग इसी साल 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।