बॉलीवुड में विक्की जैन का धमाका, टाइगर श्रॉफ पर लगाया दांव; रेमो डिसूजा ने संभाली कमान
क्या है खबर?
अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक बार फिर अपने धमाकेदार अवतार में नजर आने वाले हैं। भारतीय निर्माता और बिजनेसमैन विक्की जैन ने अपने जन्मदिन के मौके पर 'VJ Frames' नाम से एक नए प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की है। इस बैनर की पहली ही फिल्म एक भव्य एक्शन फ्रेंचाइजी होगी, जिसका निर्देशन रेमो डीसूजा करेंगे। इस बड़े प्रोजेक्ट में टाइगर श्रॉफ मुख्य भूमिका निभाएंगे, जबकि उनका साथ अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव देते हुए नजर आएंगे।
शुरुआत
निर्माता के रूप में विक्की जैन की नई पारी
बिजनेसमैन विक्की जैन अब निर्माता बन गए हैं। 'बिग बॉस 17' से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले विक्की अब एक फिल्म निर्माता के रूप में अपने नए करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
उन्होंने अपने जन्मदिन के खास मौके पर 'VJ फ्रेम्स' नाम से एक नए प्रोडक्शन हाउस की घोषणा की है।
इस बैनर की पहली फिल्म एक बड़े स्तर की एक्शन फ्रेंचाइजी होगी, जिसका निर्देशन रेमो डिसूजा करेंगे। इसमें टाइगर संग अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी होंगे।
ख्वाहिश
विक्की बोले- बरसों पुराना सपना सच हुआ
विक्की जैन ने कहा, "VJ फ्रेम्स' की शुरुआत सालों पुराना सपना है, जिसे शुरू करने के लिए जन्मदिन से बेहतर मौका नहीं हो सकता था। सिनेमा ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। मेरी कोशिश होगी कि ऐसी कहानियां बनाऊं, जो लोगों का मनोरंजन करें और गहरा असर छोड़ें। रेमो डिसूजा और बेहतरीन स्टारकास्ट के साथ इस बड़े एक्शन प्रोजेक्ट से शुरुआत करना इसे बेहद खास बनाता है। ये तो बस शुरुआत है, आगे के सफर के लिए बेहद उत्साहित हूं।"
बयान
विक्की जैन से जुड़ने पर क्या बोले रेमो डिसूजा?
रेमो बोले, "VJ फ्रेम्स की पहली फिल्म का निर्देशन करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। विक्की एक स्पष्ट सोच और सिनेमा के प्रति सच्चे जुनून के साथ इस मैदान में आए हैं। उनके इस सफर का हिस्सा बनना काफी रोमांचक है। हमारे पास टाइगर श्रॉफ, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव के रूप में एक शानदार स्टारकास्ट है। मैं एक ऐसी फिल्म बनाने के लिए उत्सुक हूं, जो एक्शन से भरपूर, मनोरंजक और दर्शकों को पसंद आने वाली हो।"
जानकारी
पिछली बार इस फिल्म में दिखे थे टाइगर
फिल्मों की बात करें तो टाइगर श्रॉफ को हाल ही में साजिद नाडियाडवाला 'बागी 4' में देखा गया था। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर उनकी ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी। उधर रेमो के निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म अभिषेक बच्चन अभिनीत 'बी हैप्पी' थी।