Page Loader
...जब फ्लॉप के सदमे से डिप्रेशन में गए फरहान अख्तर, आमिर खान ने दिखाया था ठेंगा
आमिर खान ने ठुकरा दी थी फरहान अख्तर की िपसउये फिल्म

...जब फ्लॉप के सदमे से डिप्रेशन में गए फरहान अख्तर, आमिर खान ने दिखाया था ठेंगा

Aug 10, 2024
12:04 pm

क्या है खबर?

अमूमन यही होता है कि अगर कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट है तो बल्ले-बल्ले, वरना वो फिल्म गुमानामी में चली जाती है, लेकिन कई फिल्में ऐसी होती हैं, जो फ्लॉप होने के बावजूद सफल हो जाती हैं और सिनेमा में अपनी एक खास जगह बना जाती हैं। ऐसी ही एक फिल्म थी 'लक्ष्य', जिसका निर्देशन फरहान अख्तर ने किया था। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई थी, जिसके चलते फरहान डिप्रेशन में चले गए थे।

खुलासा

डेढ़ साल बाद डिप्रेशन से उबरे फरहान

फरहान कहते हैं, "लक्ष्य बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली तो मेरा दिल टूट गया। मैंने इसे बनाने में बहुत मेहनत की थी, जितनी आज तक कभी किसी के लिए नहीं की। बचपन से सुनते आ रहे हैं कि दिल से मेहनत करोगो तो फल जरूर मिलेगा। 'दिल चाहता है' के लिए कुछ नहीं किया, वो हिट हो गई। ऐसा हुआ कैसे , यही सोचकर मुझे डिप्रेशन हो गया। थेरेपी की मदद से करीब डेढ़ साल बाद मैं इससे उबर पाया।"

प्रेरणा

फिल्म ने किया कई पीढ़ियों को प्रेरित

'लक्ष्य' भले ही बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, लेकिन समय के साथ इसकी कहानी ने अनगिनत सपनों का जगाया और कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। इसने एक कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल किया। समय के साथ यह टीवी और OTT पर लोकप्रिय हो गई। फिल्म में ऋतिक रोशन के प्रदर्शन को उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया। इस साल 20 साल पूरे होने पर फिल्म दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज की गई।

शूटिंग

फरहान के लिए आसान नहीं थी फिल्म की शूटिंग

इस फिल्म में ऋतिक के अलावा प्रीति जिंटा और अमिताभ बच्चन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसमें करण शेरगिल की कहानी दिखाई गई है, जो दिल्ली के एक धनी व्यापारी का बेटा है। वह एक आलसी और बिना लक्ष्य वाला युवक है, जो बाद में भारतीय सेना में भर्ती हो जाता है और युद्ध के दौरान हीरो बनकर उभरता है। फरहान ने लगभग माइनस 8-9 डिग्री तापमान में लद्दाख में तंगलांगला दर्रे से 17582 फीट ऊपर इसकी शूटिंग की थी।

इनकाsर

आमिर ने ठुकरा दी थी फिल्म

बता दें कि इस फिल्म के लिए ऋतिक पहली पसंद नहीं थे। फरहान चाहते थे कि आमिर खान इसमें मुख्य भूमिका निभाएं और उन्होंने आमिर से संपर्क भी किया था, लेकिन उन्होंने फिल्म ठुकरा दी थी। वजह सामने आई कि आमिर उस समय फिल्म 'मंगल पांडे' की शूटिंग कर रहे थे। आमिर का नुकसान आगे चलकर ऋतिक के लिए फायदेमंद साबित हुआ। ऋतिक के प्रशंसकों का मानना था कि इस फिल्म ने उन्हें प्रतिभाशाली अभिनेता से सुपरस्टार बना दिया।

जानकारी

फिल्म ने जीते थे 2 फिल्मफेयर पुरस्कार

'लक्ष्य' एक वॉर ड्रामा फिल्म थी, जो 2004 में आई थी। 50वें फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह में फिल्म को 5 नामांकन मिले थे, जिनमें से इसने 2 पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म ने देशभर के युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।