अक्टूबर में OTT प्लेटफॉर्म पर हिंदी में रिलीज होंगी ये फिल्में और सीरीज
राष्ट्रीय सिनेमा दिवस के दिन लोगों ने मात्र 75 रुपये में फिल्मों का लुत्फ उठाया। वहीं सितंबर में 'विक्रम वेधा' से लेकर 'पोन्नियन सेल्वन' जैसी कई बड़ी फिल्में दर्शकों के बीच आई हैं। अब लोगों को अक्टूबर में आने वाली फिल्मों का इंतजार है। इस महीने OTT प्लेटफॉर्म पर कई फिल्में और सीरीज दस्तक देने वाली हैं। आइए अक्टूबर में OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली फिल्मों और सीरीज पर नजर डालते हैं।
मजा मां
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अमेजन प्राइम वीडियो की वेब फिल्म 'मजा मां' में नजर आएंगी। फिल्म 6 अक्टूबर को अमेजन प्राइम पर रिलीज होगी। इसका निर्देशन आनंद तिवारी ने किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेजन प्राइम की इस फिल्म में माधुरी एक समलैंगिक का किरदार निभाएंगी। फिल्म में गजराज राव माधुरी के पति की भूमिका में नजर आ सकते हैं। फिल्म को लियो मीडिया कलेक्टिव और अमृतपाल सिंह बिंद्रा द्वारा प्रोड्यूस किया गया है।
मिसमैच्ड सीजन 2
रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली के अभिनय से सजी वेब सीरीज 'मिसमैच्ड सीजन 2' 14 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। इसका पहला सीजन नवंबर, 2020 में रिलीज हुआ था। पहले सीजन को लोगों ने खूब पसंद किया था। इस शो को लेकर रोहित ने कहा था, "इसके पहले सीजन की शूटिंग मजेदार थी, लेकिन दूसरे सीजन की शूटिंग मेरे लिए ज्यादा सार्थक थी। इस दौरान मुझे पता था कि दर्शक इस शो को कितना चाहते हैं।"
कार्तिकेय 2
तेलुगु फिल्म 'कार्तिकेय 2' 13 अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब यह फिल्म 5 अक्टूबर को ZEE5 पर आएगी। ZEE5 पर फिल्म हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में प्रसारित होगी। निखिल सिद्धार्थ और अनुपमा परमेश्वरन फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इस फिल्म को सिनेमाघरों में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। उम्मीद है कि OTT के दर्शकों को भी फिल्म पसंद आएगी।
रक्षा बंधन
अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षा बंधन' सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब 5 अक्टूबर को ZEE5 पर रिलीज होगी। फिल्म 11 अगस्त को बड़े पर्दे पर आई थी। आनंद एल राय ने इसका निर्देशन किया है। इस फिल्म में अक्षय के साथ भूमि पेडनेकर नजर आई हैं। सिनेमाघरों में फिल्म खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इसकी कहानी भाई-बहन के रिश्ते पर आधारित है। यह परिवार के साथ देखी जाने वाली फिल्म है।
दोबारा
अभिनेत्री तापसी पन्नू की थ्रिलर फिल्म 'दोबारा' 15 अक्टूबर को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। थिएट्रिकल रिलीज के करीब डेढ़ महीने बाद फिल्म OTT पर आने वाली है। इसे 19 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। अनुराग कश्यप ने इसका निर्देशन किया है। एकता कपूर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है। ऐसी चर्चा है कि 'दोबारा' स्पैनिश ड्रामा 'मिराज' से प्रेरित है। यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी।