LOADING...
रणबीर-आलिया ही नहीं, इन बॉलीवुड सितारों के घर की कीमत भी आपको चौंका देगी 
इन बॉलीवुड सितारों के पास हैं सबसे महंगे घर (तस्वीर: एक्स/@aliaabhatt)

रणबीर-आलिया ही नहीं, इन बॉलीवुड सितारों के घर की कीमत भी आपको चौंका देगी 

Jun 12, 2025
01:37 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का नया घर बनकर तैयार हो गया है, जो बांद्रा के सबसे महंगे इलाके पाली हिल में स्थित है। उन्होंने अपने नए घर का पंजीकरण अपनी बेटी राहा कपूर के नाम पर कराया है और इसकी कीमत 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसी के साथ यह बॉलीवुड में सबसे महंगा सेलिब्रिटी घर बन गया है। आइए इस कड़ी जानें उन बॉलीवुड सितारों के बारे में, जो सबसे महंगे घरों के मालिक हैं।

#1

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट

शुरुआत रणबीर और आलिया से ही करते हैं, जिनके घर की कीमत 250 करोड़ रुपये है और यह शाहरुख खान के घर 'मन्नत' को पछाड़ बॉलीवुड में सबसे महंगा सेलिब्रिटी घर बन गया है। रणबीर और आलिया के नए घर का नाम उनकी दादी कृष्णा राज कपूर के नाम पर रखा गया है और 6 मंजिला यह घर बांद्रा के सबसे महंगे इलाके पाली हिल में स्थित है। रणबीर और आलिया जल्द ही इस घर में शिफ्ट हो जाएंगे।

#2

शाहरुख खान

सूची में दूसरा नाम शाहरुख का है। उनके घर का नाम भले ही 'मन्नत' हो, लेकिन यह किसी जन्नत से कम नहीं है। यह मुंबई के बांद्रा में समुद्र के किनारे स्थित है और इसकी भव्यता बाहर से देखकर ही पता लग जाती है। इस घर का इंटीरियर खुद शाहरुख की पत्नी गौरी खान ने डिजाइन किया है। 'मन्नत' की कीमत 200 करोड़ रुपये बताई जाती है। अब शाहरुख अपने इस घर को और ज्यादा भव्य बना रहे हैं।

#3

अमिताभ बच्चन 

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' बॉलीवुड के सबसे महंगे घरों में से एक है। बताया जाता है कि यह घर अमिताभ को फिल्म 'सत्ते पे सत्ता' के निर्देशक ने उन्हें तोहफे में दिया था। 'जलसा' की कीमत 100 करोड़ रुपये से 120 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। जुहू में स्थित इस 2 मंजिला बंगले में नई थीम के साथ आधुनिक सजावट, शानदार रहने की जगह, एक जिम और एक ऑफिस है।

#4

शिल्पा शेट्टी और अक्षय कुमार 

शिल्पा शेट्टी अपने पति राज कुंद्रा और दोनों बच्चों के साथ बेहद आलीशान जिंदगी जीती हैं। उनका मुंबई में सी-फेसिंग बंगला है, जिसका नाम 'किनारा' है। इस घर की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है। उन्होंने अपने इस लग्जरी बंगले में कई बालकनियां बनावाई हुई हैं। अक्षय कुमार का घर भी अपनी भव्यता को लेकर अक्सर चर्चा में रहता है। मुंबई के जुहू जैसे रिहायशी इलाके में बना उनके इस आलीशान बंगले की कीमत 80 करोड़ रुपये बताई जाती है।