'द व्हिस्पर मैन' भारत में कब और किस OTT प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज?
थ्रिलर फिल्मों के दीवानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रॉबर्ट डी नीरो और एडम स्कॉट अभिनीत फिल्म 'द व्हिस्पर मैन' 28 अगस्त को दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर आ रही है।
जेम्स एशक्रॉफ्ट के निर्देशन में बनी और एलेक्स नॉर्थ के मशहूर उपन्यास पर आधारित इस फिल्म में सस्पेंस, क्राइम और फैमिली ड्रामा का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा। भारतीय दर्शक भी इसे उसी दिन नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
फिल्म में एडम, टॉम कैनेडी का किरदार निभा रहे हैं। टॉम एक जासूसी उपन्यासकार है, जो अपनी पत्नी के गुजर जाने के बाद बेटे के साथ एक शांत शहर में रहने आता है, लेकिन जब शहर का एक बच्चा गायब हो जाता है, जो पुराने लापता बच्चों के मामलों से मिलता-जुलता है।
तब टॉम खुद को कई डरावने रहस्यों और अजीब फुसफुसाहटों के जाल में फंसा पाता है। रॉबर्ट डी नीरो ने पीट विलिस नाम के एक रिटायर्ड डिटेक्टिव का किरदार निभाया है, जिनका संबंध पुराने केस से रहा है।
इनके अलावा, फिल्म में हैमिश लिंकलेटर, माइकल कीटन और जॉन कैरोल लिंच जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।