विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना की शादी से जुड़ी हर बात, 2 राज्यों का स्वाद और शाही ठाठ-बाट
क्या है खबर?
साउथ सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आखिरकार एक-दूजे के हो गए हैं। उदयपुर के अरावली पहाड़ों के बीच बसे होटल में इस जोड़े ने गुपचुप तरीके से अपनी पहली शादी तेलुगू रीति-रिवाजों से संपन्न कर ली है। चाहे वो पारंपरिक कोडवा रीति-रिवाज हों या तेलंगाना का स्वाद, इस शादी में गेस्ट लिस्ट से लेकर खाने के मेन्यू तक, हर चीज बेहद शाही और खास रखी गई है। जानिए इस शाही शादी की हर छोटी-बड़ी खासियत।
परंपराएं
2 परंपराओं में शादी, शाम के समारोह पर सबकी नजर
सुबह की पारंपरिक रस्मों के बाद अब सबकी नजरें शाम को होने वाले दूसरे विवाह समारोह पर टिकी हैं। चूंकि विजय और रश्मिका अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिए परिवार ने दोनों परंपराओं को पूरा सम्मान देने का फैसला किया है। शाम की शादी के लिए वेन्यू को एक नई थीम के साथ सजाया जा रहा है। दोपहर के भोजन के लिए मेहमानों को पारंपरिक केले के पत्ते पर शाही पकवान परोसे जा रहे हैं।
न्यौता
100 खास मेहमानों को दिया गया निमंत्रण
खबर है कि इस शाही शादी में केवल 100 खास मेहमानों को ही न्योता दिया गया है। मेहमानों की सूची में सबसे बड़ा नाम है 'एनिमल' के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा का, जो विजय और रश्मिका दोनों के ही बेहद करीब माने जाते हैं। उनके अलावा निर्देशक तरुण भास्कर, राहुल रवींद्रन, शिव निर्वाणा, वामसी पेडिपल्ली और अभिनेत्री ईशा रेब्बा भी उदयपुर पहुंच चुके हैं। तेलंगाना के कुछ वरिष्ठ राजनेताओं को भी इस शादी का निमंत्रण भेजा गया है।
मेन्यू
कुर्ग से हैदराबाद तक, थाली में परंपराओं का मेल
मेन्यू में रश्मिका के कुर्ग और विजय के तेलंगाना-आंध्र की परंपराओं का ध्यान रखा गया है। मुख्य भोजन केले के पत्ते पर दक्षिण भारतीय शैली में परोसा जा रहा है। रश्मिका की तरफ से कादम्बुट्टू, कोडागु पांडी करी और नूलपुट्टू, जबकि विजय के क्षेत्र से हैदराबादी दम बिरयानी, नाटुकोड़ी पुलुसु और गारेलु हैं। जापानी व्यंजनों और पुरानी दिल्ली के कीमा समोसा जैसे स्नैक्स भी हैं। मेहमानों का स्वागत नारियल पानी से हो रहा है और मिठाई में मैसूर पाक है।
शाही होटल
अरावली की वादियों में सजा विजय-रश्मिका का मंडप
शादी का वेन्यू 'ITC मेमेंटोस' है, जो उदयपुर के बाहर अरावली पहाड़ियों के बीच स्थित एक हिलटॉप रिसॉर्ट है। हरियाली और शांत माहौल इसे बेहद गोपनीय बनाता है। रिसॉर्ट में 117 कमरे हैं, जिनमें प्रीमियम सुइट और प्राइवेट विला शामिल हैं, जिन्हें आधुनिक डिजाइन और प्राकृतिक रोशनी के साथ बनाया गया है। यहां सुइट का किराया 70,000 रुपये प्रति रात से ज्यादा है, जबकि डेस्टिनेशन वेडिंग का कुल खर्च 90 लाख से 2.5 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
पाबंदी
कैमरा और मोबाइल पर सख्त पाबंदी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी में शामिल होने वाले सभी 100 मेहमानों और स्टाफ को समारोह स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने या तस्वीरें खींचने की अनुमति नहीं है। रश्मिका-विजय चाहते हैं कि उनकी शादी के खास पल पूरी तरह से निजी रहें और फैंस को उनकी पहली झलक केवल आधिकारिक तस्वीरों के जरिए ही मिले। होटल के चारों तरफ सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति अंदर की हलचल रिकॉर्ड न कर सके।
समारोह
2 संस्कृतियों का मिलन
उदयपुर में सुबह ठीक 10 बजकर 10 मिनट पर हिंदू रीति-रिवाजों के साथ रश्मिका की पहली शादी संपन्न हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, अभी जश्न खत्म नहीं हुआ है। 26 फरवरी की शाम साढ़े 4 बजे रश्मिका की संस्कृति यानी कोडवा परंपरा के अनुसार फिर से विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ थामेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद विजय और रश्मिका को पत्र लिखकर शादी की ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है।