एडवांस बुकिंग में 'द वन' का चल गया जादू, रिलीज से पहले कर डाली इतनी कमाई
क्या है खबर?
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन- फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' रिलीज के लिए तैयार है। बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर द्वारा निर्मित, यह लोककथाओं पर आधारित एक पौराणिक-थ्रिलर है, जो रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में सकारात्मक प्रदर्शन कर रही है। फिल्म में 'छठ गीत' भी शामिल है, जिसके चलते उत्तर प्रदेश और बिहार के दर्शकों में खास दीवानगी देखी जा रही है। चलिए एक नजर डालते हैं इसकी एडवांस बुकिंग कमाई पर।
प्रदर्शन
एडवांस बुकिग में इतने टिकट बिक चुके
सैकनिल्क के मुताबिक, 'द वन' ने अब तक ब्लॉक सीटों के साथ करीब 6.39 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। बिना ब्लॉक सीटों के यह आंकड़ा 3.57 करोड़ रुपये के पार है।
फिल्म ने ओपनिंग डे (शुक्रवार) के लिए अब तक 2.39 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं।
एडवांस बुकिंग में फिल्म अब तक 2.1 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री कर चुकी है। सबसे आगे दिल्ली-NCR है, जहां से फिल्म ने अकेले 1.15 करोड़ से ज्यादा कमाई की।
उम्मीद
'द वन' से पहले दिन की उम्मीद
फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। उम्मीद की जा रही है कि यह पहले दिन 7-8 करोड़ रुपये के बीच ओपनिंग कर सकती है। अगर दर्शकों की संख्या ज्यादा रही तो आंकड़ों के बढ़ने की पूरी संभावना होगी।
बता दें, सिद्धार्थ की पिछली फिल्म 'परम सुंदरी' (2025) ने 7.37 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला था।
दीपक कुमार मिश्रा द्वारा निर्देशित 'द वन' में सुनील ग्रोवर, अनूप सोनी, श्वेता तिवारी और मनीष पॉल भी हैं।