'द इंडिया स्टोरी' का ट्रेलर रिलीज, काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े उठाएंगे कीटनाशकों से तबाही का मुद्दा
काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म 'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजन इन प्रोग्रेस' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ये फिल्म एक सामाजिक नाटक है, जो खेती में कीटनाशकों के बहुत ज्यादा इस्तेमाल से इंसानों और पर्यावरण को होने वाले भारी नुकसान को दिखाती है। ट्रेलर में इस गंभीर संकट के डराने वाले नतीजे साफ नजर आ रहे हैं। फिल्म में दमदार कोर्ट रूम ड्रामा के साथ-साथ किरदारों के निजी दुख-दर्द और संघर्ष की कहानियों को भी बखूबी पेश किया गया है।
'द इंडिया स्टोरी' 24 जुलाई को होगी रिलीज
'द इंडिया स्टोरी' में श्रेयस तलपड़े एक ऐसे पिता की भूमिका में हैं, जिसकी बेटी की जान जहरीली खेती के कारण कैंसर से चली जाती है, वहीं काजल अग्रवाल एक वकील के रूप में कीटनाशकों के खतरों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ती हैं। चेतन डीके द्वारा निर्देशित और सागर बी शिंदे द्वारा निर्मित-लिखित ये फिल्म समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से बनाई गई है। फिल्म उम्मीद और संघर्ष की कहानी के साथ 24 जुलाई को दुनियाभर में हिंदी, तेलुगू और तमिल भाषाओं में रिलीज होगी।