भारत में इस दिन रिलीज होगा 'हाउस ऑफ द ड्रैगन' का सीजन 3, जियो हॉटस्टार पर मचेगा तहलका
'हाउस ऑफ द ड्रैगन' के तीसरे सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। 'गेम ऑफ थ्रोन्स' की ये सुपरहिट प्रीक्वल सीरीज भारत में 22 जून, 2026 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रही है।
इस सीरीज की कहानी 'गेम ऑफ थ्रोन्स' के दौर से करीब 200 साल पहले की है। नए सीजन में टार्गेरियन परिवार के बीच सत्ता के लिए चल रही खूनी जंग और अंदरूनी झगड़ों को दिखाया जाएगा, जिसे 'डांस ऑफ द ड्रैगन्स' भी कहा जाता है। इस बार कहानी में ड्रैगन्स की लड़ाई और पारिवारिक कड़वाहट को और भी ज्यादा बारीकी और रोमांचक अंदाज में पेश किया जाएगा।
'हाउस ऑफ द ड्रैगन 3' में दिखेगा धोखे और ड्रैगन्स का खतरनाक तांडव
कहानी की बात करें तो अपने पिता की मौत के बाद जब राजकुमारी रेनिरा टार्गेरियन सिंहासन पर अपना दावा ठोकती हैं, तो उन्हें अपने ही सौतेले भाई एगॉन II से कड़ी चुनौती मिलती है। सत्ता की इसी लालच की वजह से टार्गेरियन परिवार के बीच एक भयानक और खूनी गृहयुद्ध छिड़ जाता है।
इस नए सीजन में दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा, अपनों से मिलता धोखा, बदलती वफादारियां और पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक ड्रैगन्स देखने को मिलेंगे। एक्टिंग की बात करें तो रेनिरा के मुख्य किरदार में एम्मा डार्सी एक बार फिर शानदार वापसी कर रही हैं। उनके साथ डेमन के रूप में मैट स्मिथ और एलिसेंट हाईटॉवर के रूप में ओलिविया कुक भी अपने पुराने दमदार अंदाज में नजर आएंगे। इस शो की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे IMDb पर 8.3 की धांसू रेटिंग मिली हुई है।