डांस और कोरियोग्राफी के लिए मशहूर धनश्री वर्मा अब फिल्म 'हे कन्नाम्मा' से बतौर मुख्य अभिनेत्री तेलुगू सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। दिल राजू प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ये फिल्म एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा है। इसमें धनश्री के साथ यशवंथ और कार्तिका मुरलीधरन भी नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया है, जिसमें दर्शकों को इसकी पहली झलक देखने को मिली।
'हे कन्नाम्मा' में दिखेगा धनश्री का डांस
धनश्री ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए फिल्म को अपने लिए बेहद खास बताया। उन्होंने प्रशंसकों से इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील भी की। सासी कुमार मुथुलुरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सीरत कपूर, ब्रह्माजी और वेंकटेश काकुमानु भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत कार्तिक ने तैयार किया है। धनश्री और यशवंथ के डांस बैकग्राउंड को देखते हुए फिल्म में डांस पर भी खास ध्यान दिया गया है। 'हे कन्नाम्मा' 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।