जानें कोरियाई साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म 'होप' भारत में कब होगी रिलीज?
कोरियन साइंस-फिक्शन फिल्म 'होप' जल्द आ रही है, जिसने कांस फिल्म फेस्टिवल में अपने प्रीमियर के बाद से ही खूब धूम मचा रखी है। ना हांग-जिन ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।
फिल्म में ह्वांग जंग-मिन, जो इन-सुंग और होयोन जैसे कोरिया के जाने-माने कलाकार नजर आएंगे। इनके साथ हॉलीवुड के माइकल फासबेंडर, एलिशिया विकेंडर और टेलर रसेल भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे।
यह फिल्म 25 सितंबर को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देगी। दर्शक इसे अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कोरियन भाषाओं में अपनी सुविधा के अनुसार देख पाएंगे।
ना की वापसी, लेकर आए सस्पेंस थ्रिलर
करीब एक दशक तक फिल्म निर्माण से दूर रहने के बाद ना हांग-जिन अब अपनी इस फिल्म के साथ वापसी कर रहे हैं। कांस में प्रदर्शित होने वाली यह उनकी चौथी फिल्म है।
'होप' में सस्पेंस और सर्वाइवल का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा। इसकी कहानी एक गांव के पुलिस चीफ और उसके नए डिप्टी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी जीव का सामना करते हैं।
इस दौरान जंगल में लगी भीषण आग के कारण उनका बाहरी दुनिया से संपर्क भी टूट जाता है। अलग-अलग शैलियों को मिलाकर बनी इसकी कहानी और अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों के समूह के चलते यह फिल्म काफी सुर्खियां बटोर रही है।
स्टार एंटरटेनमेंट का कहना है कि इसे कई भाषाओं में रिलीज करने से यह सुनिश्चित होगा कि हर दर्शक इस फिल्म का अनुभव ले पाए।