नानी की 'द पैराडाइज' का बॉक्स ऑफिस पर कमाल, 3 दिन में 100 करोड़ पार
नानी की नई फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। 24 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज 3 दिनों में दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। फिल्म ने 23 सितंबर के पेड प्रीव्यू से 11.60 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद 24 सितंबर को रिलीज के पहले दिन भारत में फिल्म ने 34.65 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन 14.90 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 15.25 करोड़ रुपये कमाए। तीन दिनों में फिल्म की भारत में कमाई 76.40 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 119.50 करोड़ रुपये रहा।
‘द पैराडाइज’ के तेलुगू वर्जन का जलवा
‘द पैराडाइज’ की सबसे ज्यादा कमाई तेलुगू वर्जन से हो रही है। शनिवार को तेलुगू वर्जन ने 3,617 शो से करीब 13.35 करोड़ रुपये कमाए। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से फिल्म को करीब 13.5 करोड़ रुपये मिले। हिंदी और तमिल वर्जन की कमाई इससे कम रही। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सुधाकर चेरुकुरी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है।