बॉक्स ऑफिस: 'द ओडिसी' के लिए कैसा रहा पहला कारोबारी दिन? अब तक हुई इतनी कमाई
क्या है खबर?
हाॅलीवुड फिल्म निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' सिनेमाघरों में 4 दिन बिता चुकी है। भारत में वीकेंड का भरपूर फायदा उठाने के बाद इसने कारोबारी दिनों में दस्तक दे दी है, जहां से फिल्मों की कमाई की असली अग्निपरीक्षा शुरू होती है। हालांकि, वीकेंड के मुकाबले इसे अपनी कमाई में थोड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा है। इसके बावजूद फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ के क्लब में दाखिल होने के लिए आगे बढ़ रही है।
कमाई
'द ओडिसी' का ताजा बॉक्स ऑफिस कारोबार
सैकनिल्क के मुताबिक, मैट डेमन अभिनीत फिल्म 'द ओडिसी' ने चौथे दिन (पहले साेमवार को) भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 8.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
इसमें सबसे ज्यादा योगदान अंग्रेजी भाषा का रहा है, जिसने नेट 6.65 करोड़ रुपये कमाए हैं। हिंदी संस्करण से 1 करोड़, तेलुगु संस्करण से 45 लाख और तमिल संस्करण से 25 लाख रुपये आए हैं।
इस तरह फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 69.65 करोड़ रुपये हो गया है।
गिरावट
'धमाल 4' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
अजय देवगन, रितेश देशमुख और अरशद वारसी जैसे सितारों से सजी कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' 10 जुलाई को रिलीज हुई।
सैकनिल्क के मुताबिक, इसने रिलीज के 11वें दिन (दूसरे सोमवार को) कुल 3.25 करोड़ रुपये कमाए हैं, जो 10वें दिन हुई कमाई 12.75 करोड़ के मुकाबले बेहद कम है।
बॉक्स ऑफिस पर इसने कुल 127.75 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और अब 150 करोड़ के क्लब की ओर बढ़ रही है।