नारी शक्ति का जश्न मनाती 'सूत्रधारिणी', मलयालम शॉर्ट फिल्म की कहानी है बेहद खास
विजया एस नंबियार, जो पहली बार निर्देशन कर रही हैं, उनकी मलयालम शॉर्ट फिल्म 'सूत्रधारिणी' 2 अक्टूबर को अटलांटा इंडियन फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी।
यह फिल्म इसी साल मार्च में यूट्यूब पर रिलीज हुई थी। इसमें दिखाया गया है कि साड़ियां लोगों की जिंदगी में कितनी खास और भावनात्मक अहमियत रखती हैं।
खास बात यह है कि विजया कोच्चि में रहने वाली एक इंजीनियर हैं और यह उनकी पहली शॉर्ट फिल्म है।
महिलाएं आपस में बदलती हैं यादों से जुड़ी साड़ियां
कहानी महिला दिवस के मौके पर सेट की गई है। इसमें कुछ महिलाएं आपस में साड़ियों का आदान-प्रदान करती हैं, जो उनकी यादगार लम्हों से जुड़ी होती हैं।
इससे पता चलता है कि तोहफों का भावनात्मक मूल्य कितना अधिक हो सकता है। फिल्म में जिन कलाकारों ने काम किया है, वे विजया के अपने पड़ोसी हैं।
उन्होंने शूटिंग से पहले अभिनय की वर्कशॉप भी अटेंड की थी। 'सूत्रधारिणी' को यूट्यूब पर मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद, विजया के पास कुछ और भी कहानियां हैं।
वह जल्द ही अपनी अगली फिल्म पर काम शुरू करने की सोच रही हैं।