केरल सरकार का फिल्म निर्माताओं को बड़ा तोहफा, मलयालम सिनेमा को मिलेगा उद्योग का दर्जा
मलयालम सिनेमा को जल्द ही एक बड़ा फायदा मिलने वाला है। दअरसल, केरल सरकार फिल्म क्षेत्र को आधिकारिक तौर पर 'उद्योग' का दर्जा देने की तैयारी में है। इस कदम से फिल्म निर्माताओं का काम काफी आसान हो जाएगा। शूटिंग की इजाजत लेने की प्रक्रिया को सरल किया जाएगा और एक 'सिंगल-विंडो सिस्टम' लागू होगा, जिससे फिल्मों की शूटिंग बिना किसी देरी के जल्दी शुरू हो सकेगी।
एर्नाकुलम में बनेगी 'जेसी डैनियल इंटरनेशनल फिल्म सिटी'
ये पहल UDF सरकार की 100 दिवसीय कार्ययोजना का एक अहम हिस्सा है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने 2026-27 के राज्य बजट में की थी। नई नीति के तहत लाइसेंस पाने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा, सिनेमा कर्मचारियों के लिए उचित मजदूरी तय होगी और सिनेमाघरों के बिजली बिलों में राहत दी जाएगी। इसके साथ ही सिनेमा क्षेत्र के लिए तय 100 करोड़ रुपये के बजट से एर्नाकुलम में 'जेसीडैनियल इंटरनेशनल फिल्म सिटी' का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, ताकि एर्नाकुलम को केरल में फिल्म निर्माण का सबसे बड़ा केंद्र बनाया जा सके।