'दृश्यम' का इंडोनेशियाई रीमेक, आपको इसके बारे में सब कुछ जानना चाहिए
ब्लॉकबस्टर क्राइम थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम' का इंडोनेशियाई रीमेक बन रहा है। इस फिल्म का नाम 'आयाह, अकु मौ सेरिटा...' रखा गया है, जिसका हिंदी में अर्थ है 'पापा, मैं आपसे कुछ कहना चाहता हूँ'।
20 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली इस फिल्म में 'दृश्यम' की वही रोमांचक कहानी देखने को मिलेगी, जिसमें एक पिता अपने परिवार को बचाने के लिए हर हद पार कर जाता है। हालांकि, इंडोनेशियाई दर्शकों के लिए इसमें कुछ स्थानीय रंग भी डाले गए हैं।
पहले इसके हिंदी, चीनी और सिंहली संस्करण बन चुके हैं। अब यह नया इंडोनेशियाई संस्करण भी दर्शकों को अपनी कहानी से जोड़े रखने का दम रखता है।
कौन होगा 'दृश्यम' के रीमेक की लीड हीरो?
विनो जी. बास्टियन और मार्शा टिमोथी, जो असल जिंदगी में भी पति-पत्नी हैं, इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म में बास्टियन मुश्किलों से घिरे एक पिता की भूमिका में दिखेंगे, जबकि टिमोथी एक जांच अधिकारी का किरदार निभा रही हैं।
थ्रिलर फिल्में बनाने में माहिर माने जाने वाले डैनियल रिफकी ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है।
निर्माताओं का कहना है कि उन्हें खुशी है कि 'दृश्यम' की कहानी दुनियाभर में पसंद की जाती है। साथ ही, फिल्म के मुख्य कलाकारों के बीच की केमिस्ट्री भी जबरदस्त है, जिसे वे इंडोनेशियाई दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं।