देहरादून में पहली बार होगा रस्किन बॉन्ड फेस्टिवल, जानिए क्या-क्या होगा खास?
लेखक रस्किन बॉन्ड ने 19 मई को अपना 92वां जन्मदिन मनाया। अब उनके जन्मदिन के ठीक बाद, 24 मई, 2026 को देहरादून में रस्किन लिटरेरी फेस्टिवल का आयोजन होगा।
इस खास कार्यक्रम में रस्किन की लेखन शैली, कला और स्थानीय संस्कृति को बड़े उत्साह से मनाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
क्या खास होगा इस फेस्टिवल में?
इस फेस्टिवल में रस्किन के जीवन पर बनी डॉक्यूमेंट्री 'मास्टरी' भी दिखाई जाएगी। साथ ही, कवयित्री प्रिया मलिक अपनी कविताएं सुनाएंगी और लेखक सक्षम गर्ग व एरिक चोपड़ा के साथ मिलकर किरदार गढ़ने की कला पर चर्चा करेंगे।
बच्चों के लिए कहानी लिखने की एक खास प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें हिस्सा लेने वाले बच्चों को खुद रस्किन से मिलने का सुनहरा मौका मिलेगा।
फेस्टिवल में होगा लोक संगीत का आयोजन
फेस्टिवल में उत्तराखंड के लोक संगीत का भी जादू चलेगा, जिसमें मीना राणा अपने सुर बिखेरेंगी। इसके अलावा, यहां पहाड़ी खाने और हस्तशिल्प की भी झलक देखने को मिलेगी।
रस्किन के पोते सिद्धार्थ बॉन्ड को उम्मीद है कि यह कार्यक्रम हर साल आयोजित होगा, ताकि साहित्य और कला का यह अद्भुत संगम हमेशा ऐसे ही मनाया जा सके।