नेपाली फिल्म 'एलीफेंट्स इन द फॉग' ने कान्स में रचा इतिहास, जीता 7 मिनट स्टैंडिंग ओवेशन
नेपाल के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है। अबीनाश बिक्रम शाह के निर्देशन में बनी फिल्म 'एलीफेंट्स इन द फॉग' ने एक नया मुकाम हासिल किया है।
यह पहली बार है जब किसी नेपाली फिल्म को कान्स फिल्म फेस्टिवल के 'अन सर्टेन रिगार्ड' सेक्शन के लिए चुना गया है।
यह सेक्शन ऐसी फिल्मों को पहचान देता है, जिनमें नई आवाजें और दमदार कहानियां होती हैं। इस फिल्म को फ्रांस में 12 से 23 मई, 2026 तक चले कान्स फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया था।
नेपाल के सूचना मंत्री ने फिल्म निर्माताओं को मदद का दिया भरोसा
फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद वहां मौजूद दर्शकों ने सात मिनट तक खड़े होकर तालियां बजाईं, जो नेपाली सिनेमा के लिए एक बड़ा कीर्तिमान है।
नेपाल के सूचना मंत्री ने इसे देश में बढ़ रही रचनात्मकता का प्रमाण बताया। उन्होंने स्थानीय फिल्मकारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा भी दिया।
इस फिल्म का निर्माण नेपाल, फ्रांस, जर्मनी, ब्राजील और नॉर्वे की प्रोडक्शन टीमों ने मिलकर किया है। सह-निर्माता पैट्रिक सुबेदी ने इसे नेपाल के लिए विश्व मंच पर एक ऐतिहासिक जीत बताया।
उन्होंने कहा, 'सात मिनट से ज्यादा की स्टैंडिंग ओवेशन मिली। पूरा थिएटर तालियों से गूंज रहा था। यह भावनाओं से भरा एक पल था। 'एलीफेंट्स इन द फॉग' ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में विश्व बाजार में नेपाली सिनेमा के लिए इतिहास रच दिया है।'